• कांग्रेस ने हर आवाज को दबाया

पानीपत में भाजपा जिला कार्यालय श्याम कमल में बुधवार को आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक जिला स्तरीय प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिला कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष रणबीर गंगवा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन था, जब अपनी सत्ता बचाने के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने संविधान की मूल भावना को कुचलते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया था और करोड़ों नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए थे।

विरोध की हर आवाज को कांग्रेस ने कुचला

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा कि लोकतंत्र की आवाज को पूरी तरह दबाने के लिए विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विचारकों और पत्रकारों को जबरन जेलों में ठूस दिया गया था। प्रेस की स्वतंत्रता को समाप्त कर अखबारों पर सेंसरशिप थोप दी गई थी, जिससे देश की जनता भय और दमन के माहौल में जीने को विवश हो गई थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हमेशा असहमति का सम्मान होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने उस दौरान विरोध की हर आवाज को बेरहमी से कुचलने का काम किया।

लोकतंत्र सेनानियों के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा

रणबीर गंगवा ने आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले जांबाजों को याद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों सेनानियों ने जेलों में रहकर कड़ा संघर्ष किया। उनका यह त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत कर रहा है।

भाजपा कार्यकर्ता इस काले इतिहास की सच्चाई को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी सरकार लोकतंत्र के साथ ऐसा खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

भाजपा गांव-गांव जाकर बताएगी अत्याचार- दुष्यंत भट्ट

भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि आपातकाल केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा पर किया गया सीधा हमला था। कांग्रेस ने सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, लेकिन देश की जागरूक जनता ने अपनी ताकत दिखाते हुए कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया।

भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर आपातकाल के दौरान हुए अत्याचारों और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएंगे। प्रेसवार्ता की शुरुआत में जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने सभी पत्रकारों का स्वागत किया और अंत में शहरी विधायक प्रमोद विज ने सभी का आभार व्यक्त किया।