• भ्रष्टाचारियों की चूड़ियां टाइट कर रही सरकार

सोनीपत शहर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में लगाए आपातकाल को देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय बताया। इस दौरान उनके साथ निगम मेयर राजीव जैन और भाजपा नेता ललित बत्रा भी साथ रहे।

बड़ौली ने कहा कि उस समय निर्दोष लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया था और उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया गया। बड़ौली ने कहा कि आज कांग्रेस स्वयं को जनता का हितैषी बताने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश की जनता उसके इतिहास और आपातकाल के दौर को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और विकास कार्यों के दम पर आगे बढ़ रही है।

आपातकाल में लोकतंत्र का हुआ था दमन

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को कुचलने का काम किया गया। उस समय हजारों निर्दोष लोगों को जेलों में डाल दिया गया था और विरोध की आवाज को दबाया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भले ही जनता के हितों की बात करती हो, लेकिन उसका इतिहास लोकतंत्र विरोधी रहा है।

भाजपा सरकारें जनता की सुविधाओं पर कर रही हैं काम

बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा सरकारें आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है, जिसके कारण लोग संतुष्ट नजर आ रहे हैं और भाजपा के प्रति उनका विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

भ्रष्टाचारियों की ‘चूड़ियां टाइट’ कर रही सरकार

प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर बोलते हुए बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति भ्रष्टाचार करेगा, वह कानून की पकड़ से बच नहीं पाएगा। चाहे वह बड़ा अधिकारी हो या कर्मचारी, जिम्मेदारी में लापरवाही और भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

लखनऊ अग्निकांड में युवक की मौत पर जताया दुख

भाजपा नेता मोहन लाल बड़ौली ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित एक संस्थान में हुई आगजनी की घटना पर भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हादसे में सोनीपत के महीपुर गांव के एक युवक की जान चली गई। बड़ौली ने कहा कि यदि हरियाणा या सोनीपत में कोई भी संस्थान नियमों के विरुद्ध कार्य कर रहा है, तो प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।