• स्टेट प्रभारी, सांसद सुरजेवाला- सैलजा रहेंगे मौजूद

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की शुक्रवार को सोनीपत के बहालगढ़ रोड स्थित दिवान फार्म में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, सह प्रभारी और प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों ने भाग लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, संगठन की भूमिका और आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को एसआईआर अभियान से जुड़ी गाइडलाइन भी जारी की गई। साथ ही 8 अगस्त को इसी विषय पर आयोजित होने वाली एक दिवसीय विशेष कार्यशाला की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर पार्टी संगठित तरीके से कार्य करेगी और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाते हुए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक

बहालगढ़ रोड स्थित दिवान फार्म में आयोजित बैठक का नेतृत्व शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजय दहिया ने किया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा सह प्रभारी जितेंद्र ने की।

बैठक में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे और अपने-अपने जिलों में एसआईआर अभियान की तैयारियों तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की।

संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से समझना और उसे संगठन के अंतिम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए ताकि अभियान को व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक के शुभारंभ पर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त का जन्मदिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

8 अगस्त को होगी विशेष एसआईआर कार्यशाला

बैठक में बताया गया कि, 8 अगस्त को दिल्ली-सोनीपत रोड स्थित लैंडमार्क रिज़ॉर्ट (दिवान फार्म) में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एसआईआर विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाना और संगठन के प्रत्येक स्तर तक इसकी जानकारी पहुंचाना है।

वरिष्ठ नेता करेंगे मार्गदर्शन

कार्यशाला का उद्घाटन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे, जबकि अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे। हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

सभी प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों को बुलावा

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा प्रत्याशियों, एसआईआर समिति के सदस्यों, जिला अध्यक्षों, बीएलए-1 तथा अग्रणी संगठनों के प्रमुखों से इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है। नेतृत्व का कहना है कि यह कार्यशाला आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और एसआईआर अभियान को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।