• सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती

इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हुड्डा ने प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में मदद की, जिस कारण भाजपा ने सरकार बनाई। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से परोक्ष रूप से भाजपा की मदद करती आ रही है।

रोहतक जिले में महम के लाखनमाजरा गांव में हलका स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह किसी भी सार्वजनिक मंच पर उनके साथ बहस करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और मीडिया के सामने वह यह साबित करेंगे कि हुड्डा ने किस तरह भाजपा की खुलकर मदद की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कहने को विपक्ष में है, लेकिन भाजपा के लिए काम कर रही है।

अभय चौटाला बोले- हरियाणा में डमी सरकार

इनेलो नेता अभय चौटाला ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज डमी सरकार चल रही है और मुख्यमंत्री नाम का कोई पद नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को हरियाणा की बजाय पंजाब की ज्यादा चिंता सता रही है और वह अपना अधिक समय पंजाब में बिता रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। हर वर्ग सरकार की दमनकारी नीतियों से परेशान, हताश और निराश है तथा बदलाव चाहता है।

इनेलो को बताया किसान और कमेरा वर्ग की पार्टी

अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो हमेशा किसान और कमेरा वर्ग के लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन कृषि कानूनों, बुजुर्गों की पेंशन में कटौती और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों से लेकर मंडियों में किसानों की फसल बेचने तक, इनेलो ने सरकार के जनविरोधी फैसलों का डटकर विरोध किया।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार को अपने फैसले वापस लेने के लिए किसी ने मजबूर किया है तो वह केवल इंडियन नेशनल लोकदल है। चौटाला ने बढ़ती महंगाई पर भी चिंता जताते हुए कहा कि घरेलू जरूरतों से लेकर खेती में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवाओं, खाद और बीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। किसानों की लागत बढ़ रही है, जबकि पैदावार और फसलों के उचित दाम को लेकर किसान परेशान हैं।

जेजेपी पर भी साधा निशाना

अभय सिंह चौटाला ने जननायक जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेजेपी नेताओं ने सरकार में रहते हुए सत्ता का लाभ उठाया और 20 से अधिक घोटाले किए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने जेजेपी के विधायकों को नकार दिया और आज प्रदेश की राजनीति में जेजेपी का कोई नाम नहीं है।

चौटाला ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और नशे को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नशे पर लगाम लगाने में सरकार नाकाम साबित हो रही है और प्रदेश में अपराध तथा नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है।

इनेलो सरकार बनने पर किसानों को खेत से ही खरीद की बात

अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और दावा किया कि अगली बार प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर किसानों की फसल खेतों से ही खरीदने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें मंडियों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने, पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार देने और महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान देने का भी वादा किया। चौटाला ने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर प्रदेश में भ्रष्टाचार और भयमुक्त शासन स्थापित किया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ताऊ देवीलाल सम्मान दिवस का दिया न्योता

अभय सिंह चौटाला महम के लाखनमाजरा गांव में 27 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाले स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस समारोह के लिए कार्यकर्ताओं को न्योता देने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल और स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का महम के लोगों से राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता था। महम के लगभग हर गांव और घर से उनका पारिवारिक संबंध रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में नूंह (मेवात) पहुंचकर ताऊ देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित सम्मान दिवस समारोह में श्रद्धासुमन अर्पित करें।

कांग्रेस और भाजपा छोड़कर युवाओं ने थामा इनेलो का दामन

कार्यक्रम में पहुंचने पर हलका अध्यक्ष वेद प्रकाश ने चौधरी अभय सिंह चौटाला का जोरदार स्वागत किया और उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान सैकड़ों युवाओं ने कांग्रेस और भाजपा छोड़कर इनेलो में आस्था व्यक्त की।

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी कार्यकर्ताओं को 27 सितंबर को नूंह (मेवात) में होने वाले ताऊ देवीलाल जयंती समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने दावा किया कि समारोह में रिकॉर्ड संख्या में लोग शामिल होंगे और प्रदेश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत करेंगे। माजरा ने कहा कि इनेलो का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आने वाला समय इनेलो का होगा।

संपत सिंह बोले- हुड्डा सबसे बड़ा विश्वासघाती

इनेलो संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रोफेसर संपत सिंह ने भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में सबसे बड़ा विश्वासघात किसी ने किया है तो वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा ने कांग्रेस को भाजपा के पास गिरवी रख दिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नफे सिंह लहाली, हलका अध्यक्ष वेद प्रकाश, प्रवक्ता संदीप नेहरा निन्दाना, प्रदेश महासचिव विपिन बल्हारा, महिला जिला अध्यक्ष शीला खरेंटी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।