- बोले- सरकार को सड़कों पर नहीं दिख रहे प्रदर्शन, जवान-बच्चे नशे में खोए
हरियाणा विधानसभा कार्रवाई पर गोकुल सेतिया मीडिया को दिए बयान में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमने लोगों की आवाज को सरकार के सामने उठाने का काम किया है। मुख्यमंत्री और मंत्री व सभी विधायकों के सामने आज लोगों की मांगों को उठाने का काम किया। वैसे जो प्रदर्शन होते हैं, वो इस सरकार को दिखते नहीं।
जब लोग कितने-कितने दिन, इतनी गर्मी के अंदर घर-बार छोड़कर सड़कों पर आए हुए हैं। एक बात देखिए सफाई कर्मचारी, उससे कठिन काम किसका होगा। इतने-इतने दिन उनके साथ किस प्रकार का व्यवहार किया जा रहा है। हमें चुनकर किसलिए भेजा है, इसलिए कि इस पवित्र सदन में लोगों की आवाज बुलंद करने का काम करे।
विधायक गोकुल बोले, अगर हम अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, तो उसे कहीं न कहीं दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सदन में कानून व्यवस्था उठाए गए मुद्दे पर बोले, कानून व्यवस्था का क्या करेंगे? आप खुद देखिए। जो नशीली गोलियां और टीके खुद युवा लगा रहा हैं, तो उस पर क्यों नहीं रोक लग पा रही।
कितनी बार हमने मुद्दा उठाया
देश में इनकी सरकार है और स्टेट में इनकी (भाजपा की) सरकार है। कितनी बार हमने मुद्दा उठा दिया। फिर भी हमारी युवा पीढ़ी का क्या हाल है, आपके सामने हैं। उन घरों में जाकर पूछिए, जिनके जवान बच्चे, जिनकी अर्थियां, उनके सामने उठती है। मगर सरकार के सामने वो चीज आती ही नहीं। जब हम उनकी आवाज बुलंद करने का काम करते हैं, तो उनको नेम कर दिया जाता है।
सदन में दिनभर रहा हंगामा
विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू हुआ और पहले ही दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहन सदन पहुंचे। आते ही उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया और उनके हाथों में तख्तियां व पोस्टर थे, जिन पर लिखा था-राम मंदिर चोरी, पेपर लीक से जुड़े लोगों पर कार्रवाई हो।
इस दौरान कांग्रेस विधायक एवं CLP लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पुलिस की आपस में धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शन के बाद वे सदन पहुंचे। CLP लीडर हुड्डा ने स्पीकर हरविंद्र कल्याण से ये कहा कि-हमारे साथ मिसबिहेव हुआ। आपने धक्के मारने के लिए बदमाश भेजे थे क्या। इस पर सीएम नायब सैनी ने जवाब में कहा-कांग्रेस ने आज सदन के बाहर गुंडागर्दी की।
दो बार सदन की कार्रवाई स्थगित
ये कहते ही हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस ने कहा कि सीएम ने हमें गुंडे कहा। यह शब्द सदन की कार्रवाई से हटाया जाए। हंगामे के चलते स्पीकर ने दो बार सदन की कार्रवाई स्थगित की। कांग्रेसी विधायकों ने वेल में जाकर नारेबाजी की। इस पर स्पीकर ने 8 विधायकों को दिनभर के लिए सस्पेंड कर दिया।
इन विधायकों पर हुई कार्रवाई
कांग्रेस के इन विधायकों पर विधानसभा कार्रवाई की गई है, जिनमें इंदु राज नरवाल, विकास सहारण, देवेंद्र हंस, शकुंतला खटक, आदित्य सुरजेवाला, गोकुल सेतिया, जस्सी पेटवाड़ और बलराम दांगी शामिल रहे। विधायक आफताब अहमद शामिल है। बकायदा पहले स्पीकर ने चेतावनी दी।
हालांकि, इससे पहले सीएलपी लीडर ने पहले सभी पार्टी विधायकों के साथ मीटिंग की थी और उसमें विभिन्न मुद्दों को लेकर रूपरेखा बनाई थी।
