- प्रदेश में पहली बार महिला को कमान
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व में 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों की लिस्ट जारी की है। हरियाणा की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को दी गई है। इससे पहले डॉ. सतीश पूनिया जुलाई 2024 से हरियाणा प्रभारी थे। बाद में उन्हें पंजाब का जिम्मा दे दिया गया था।
राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग की ओर से बुधवार को नए प्रभारियों की लिस्ट जारी की गई। उत्तर प्रदेश की बुलन्दशहर सीट से सांसद डॉ. भोला सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ की कमान महेंद्र पांडेय को सौंपी गई है।
यह पहली बार है, जब भाजपा ने हरियाणा की कमान किसी महिला को सौंपी है। वर्तमान में प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी महिला ही संभाल रही है। डॉ. अर्चना गुप्ता को 28 मई 2026 को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। स्मृति हरियाणा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की भी जिम्मेदारी संभालेंगी।
इसके अलावा भाजपा की ओर से जारी लिस्ट में हरियाणा के दो और नेताओं को दूसरे राज्यों में जिम्मा मिला है। इनमें राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है। पिछले महीने ही भाटिया को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था, जबकि राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को तेलंगाना भाजपा की सह प्रभारी बनाया है।
हरियाणा से सीधा कनेक्शन नहीं, प्रचार कर चुकीं
प्रभारी बनाई गईं स्मृति ईरानी का वैसे तो हरियाणा से सीधा कोई कनेक्शन नहीं है, लेकिन बचपन में परिवार गुरुग्राम में किराए पर रहा है। 2019 में उस घर को ईरानी देखने भी आईं थी। इसके अलावा पिछले 3 विधानसभा चुनाव में वह हरियाणा भाजपा की स्टार प्रचारकों में शामिल रहीं। कई सीटों पर प्रचार भी किया था।
स्मृति का 27 को भिवानी में आने का कार्यक्रम पहले से तय था
हरियाणा में लिंगानुपात में सुधार को लेकर 27 सितंबर को भिवानी में सम्मेलन होना है। जिसमें प्रदेश के सबसे कम लिंगानुपात वाले 8 जिलों से महिला पंच-सरपंच हिस्सा लेंगी। इस सम्मेलन में स्मृति ईरानी को पहले से ही आमंत्रित किया गया था। सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता शामिल होंगी।
मोदी भी रह चुके हरियाणा प्रभारी
1990 के दशक में नरेंद्र मोदी हरियाणा भाजपा के प्रभारी रह चुके हैं। 2009 में विजय गोयल भी हरियाणा प्रभारी रहे, तब वो भाजपा के महासचिव भी थे। 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले जगदीश मुखी प्रभारी और अनिल जैन सह-प्रभारी थे। सरकार बनने के बाद अनिल जैन प्रभारी बने, जो लंबे समय तक इस पद पर रहे। 2020 में विनोद तावड़े, 2022 में बिप्लब देब की नियुक्ति प्रभारी के तौर पर हुई थी। जुलाई 2024 में डॉ. सतीश पूनिया हरियाणा प्रभारी बनाए गए थे।
