• करनाल में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को घेरा

करनाल जिले के बल्ला गांव में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर धान खरीद, खेलों की मेजबानी, कानून व्यवस्था और वोट चोरी के मुद्दे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीते 12 साल से देश और प्रदेश में विपक्ष की भूमिका निभा रही है और अब सच्चाई के लिए लड़ना पड़ रहा है।

हुड्डा ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा क्यों नहीं कर रहा? गुजरात में ऐसा क्या है कि वहां कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी हो रही है और लाखों करोड़ों रुपए के खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। भाजपा बताए कि गुजरात में ऐसी क्या विशेष बात है। अगस्त में भी हुड्डा समेत कांग्रेस सांसद हरियाणा को 2030 कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी या सह-मेजबानी देने की मांग उठा चुके हैं।

धान खरीद पर 300 रुपए कटौती का आरोप

धान के सीजन को लेकर उन्होंने कहा कि अब धान की खरीद शुरू होने का समय है, लेकिन किसानों को 300 रुपए प्रति क्विंटल का कट लगाया जा रहा है। एमएसपी 2400 रुपए है और 3100 रुपए प्रति क्विंटल खरीदने का वादा किया गया था।

उन्होंने सवाल किया कि जब हरियाणा में ही एमएसपी पर धान नहीं खरीदी जा रही तो पंजाब के किसानों से झूठे वादे क्यों किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हरियाणा में 750 किसानों की जान गई।

अपराध बढ़ने का लगाया आरोप

सीएम नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि वे पहले बिहार और हरियाणा में अपराधियों की चूड़ी टाइट करने की बात कहते थे और अब पंजाब में भी यही कह रहे हैं। दूसरी ओर हरियाणा में वे कहते हैं कि उनके कहने से चपरासी की बदली तक नहीं हो रही।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध बेकाबू है, रोज फायरिंग हो रही है और विदेशों के साथ दूसरे राज्यों में बैठे गैंगस्टर भी हरियाणा के लोगों को धमकी देकर फिरौती मांग रहे हैं।

25 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रदर्शन का ऐलान

हुड्डा ने कहा कि 25 सितंबर को चंडीगढ़ में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी में बड़ी साजिश रची गई और हरियाणा में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। कांग्रेस ने 25 सितंबर को चंडीगढ़ में चुनाव अधिकारी कार्यालय के घेराव का भी ऐलान किया है।