- सिरसा में इनेलो पर दिग्विजय चौटाला का पलटवार
जजपा के यूथ प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने मंच से अपने संबोधन में इस बार इनेलो और डबवाली विधायक पर खुलकर सियासी तंज कसा है। दिग्विजय ने इनेलो का नाम न लेते हुए कहा, ये (इनेलो वाले) समर्थकों को कार्यक्रम में आने पर फोन कर परेशान करते हैं। इसीलिए चौटाला गांव में भी घर का निर्माण शुरू कर दिया और ये इन लोगों का इलाज है, इनसे डरने की जरूरत नहीं है।
दिग्विजय बोले, चौटाला के लोग बहुत बहादुर है और संघर्ष करते हुए आपने इतिहास रचे हैं। इनेलो पर तंज करते हुए कहा, युवा साथियों ने बताया कि यहां कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो पीछे दुकानों में बैठकर नाम नोट करते हैं कि प्रोग्राम में कौन आया है और कौन गया है। फिर उन लोगों को फोन करके प्रताड़ित करने का काम करते हैं।
ये कई दिन से हमने भी डॉक्टर साहब को बताया, इसलिए उन्होंने यहां गांव में घर का निर्माण भी शुरू कर दिया है। ये घर कर निर्माण, इन लोगों (इनेलो वालों) के लिए इलाज है, जो परेशान करने वाले हैं। ये नोट कर लियो। इनसे डरने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि तोप और तलवार से राज आया नहीं करते। राज लोगों के बीच में रहकर, उनकी सेवा करने से आया करते हैं, राज लोगों के लोकलाज से आया करते हैं।
मिशन में सहयोग की जरूरत
दिग्विजय ने कहा कि हम भविष्य में विधानसभा चुनाव 2029 का मिशन शुरू करने जा रहे हैं, उसमें आपके सहयोग की जरूरत है। जजपा का शुक्रवार शाम को चौटाला गांव में कार्यक्रम था, उसी में ये बयान दिया। उनके साथ जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला व जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा व अन्य पार्टी नेता व पदाधिकारी, वर्कर मौजूद थे।
दिग्विजय बोले- जीतने वाला नजर नहीं आता
दिग्विजय चौटाला ने मंच से संबोधन में कहा, लोग कहते हैं कि डबवाली से हार गया। मैं अपने आप को हारा हुआ नहीं मानता। जीते हुए उम्मीदवार से ज्यादा काम किए हैं और जीतने वाला कहीं नजर आता है क्या। ये (इनेलो वालों) का एक भाषण सुन रहा था कहने लगे कि हमारी पार्टी के लोग तो तोप के सामान है और हम किसी के बाप नहीं मानते।
मैं पूछना चाहता हूं कि दादा साहब एक बात सिखाकर गए हैं कि जनता जर्नादन होती है और जब वोट मांगने जाते हैं तो हर दरवाजे की दहलीज पर वोट मांगने के लिए सिर झुकाकर झोली आगे करनी पड़ती है या नहीं और सबकी सुननी भी पड़ती है। चौटाला साहब एक बात और सिखाकर गए हैं और आपसे भी हमने सीखी है कि राजनीति में तोप और तलवार नहीं चलती।
तोप-तलवार इनको दे दो, काम हमें दे दो
दिग्विजय बोले, भाईयों तोप और तलवार इनको (इनेलो वाले) दे दो और काम हमारे को दे दो। काम करेंगे, आपकी सेवा करेंगे और डॉक्टर साहब (पिता अजय चौटाला) की दी हुई जिम्मेवारी से पीछे नहीं हटेंगे, ये वादा है। आज डॉक्टर साहब के इस संकल्प में आप हाथ उठाकर आर्शीवाद दो। 9 दिसंबर को इस बार रैली के लिए सिरसा जिले में ही रखने की मांग पार्टी पदाधिकारियों से की और ये मौका मिलना चाहिए।
चौटाला में नए मकान का काम जोरों पर
बता दें कि 28 अगस्त को जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला ने अपने पैतृक गांव में नए घर के निर्माण के लिए नींव रखी है। अभी घर के चारों ओर पत्थर से चारदीवारी बनाने का काम जोरों पर है। राजस्थान की लेबर पत्थर लगाने में जुटी है।
अगले विधानसभा चुनाव तक मकान बनकर तैयार होने की उम्मीद है। यही से डबवाली हलके की सियासत साधी जाएगी। स्वयं अजय चौटाला व दिग्विजय यहां रहेंगे।
