• सत्ता के भूखे कांग्रेसी नेताओं को कुछ दिखाई नहीं देता: ढांडा

पानीपत में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस के लोकतंत्र बचाओ अभियान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आखिर कौन से लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। लोकतंत्र तो कांग्रेस ने खत्म किया हुआ था। उनके समय में लोग दुखी थे, परेशान थे, संकट में जीते थे, कुछ भी सुरक्षित नहीं था।

शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर सत्ता की भूख का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को देश में हो रहा विकास और लोगों की खुशहाली दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने उसे नकारा है। कांग्रेस से परेशान होकर ही देश की जनता ने उसे सत्ता से बाहर किया था और अब भी जनता इन लोगों को संसद की चौखट पर चढ़ने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसके नेतृत्व में भारत लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि आ रही है। शिक्षा मंत्री मंगलवार को पानीपत में सेवा संकल्प अभियान के तहत नूरवाला के सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे थे। इस दौरान नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों को सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के बाद शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत की और कांग्रेस के लोकतंत्र संबंधी सवालों पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि देश लगातार तरक्की कर रहा है और वर्तमान नेतृत्व में विकास की गति आगे बढ़ रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस के नेता लगातार ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं, जबकि जनता पहले ही उनके कामकाज का जवाब दे चुकी है।