• BJP जिलाध्यक्ष समेत तीन नेताओं ने जताई आपत्ति, आंदोलन की दी चेतावनी

झज्जर जिले के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के किसानों को लेकर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। मंडी में किसानों की मांगों के समर्थन में भूख-हड़ताल के दौरान वत्स ने फसल के दाम तय करने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए किसान की स्थिति समझाने के लिए कुत्ते और सूखी हड्डी का उदाहरण दिया था।

इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि समेत पार्टी नेताओं ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि विधायक ने किसानों की तुलना कुत्ते से की है। भाजपा नेताओं ने वत्स से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के सम्मान और उनकी समस्याओं की बात की थी। उनके बयान को गलत तरीके से पेश कर राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।

विधायक कुलदीप वत्स ने कहा था कि देश में जो भी उत्पादन होता है, उसका रेट उसका मालिक तय करता है, लेकिन किसान ऐसा व्यक्ति है, जो मेहनत से फसल पैदा करता है और उसकी फसल का रेट सरकारें तय करती हैं। इसी बात को समझाते हुए उन्होंने कहा था कि यह तो ऐसी स्थिति है, जैसे कुत्ते के मुंह में सूखी हड्डी डाल दी जाती है और और कुत्ता खूनम-खून रहता है, वह हाल आज किस का हो गया है।

जिलाध्यक्ष समेत 3 नेताओं ने साधा निशाना

विधायक के इस बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना और बेरी से भाजपा प्रत्याशी संजय कबलाना ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक ने अपने बयान में किसान की तुलना कुत्ते से की है, जो किसानों का अपमान है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में किसानों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन की चेतावनी

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता समय-समय पर आम लोगों को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का आम आदमी और किसान के हितों से कोई सरोकार नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कुलदीप वत्स और कांग्रेस को किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक ने अपने बयान को लेकर माफी नहीं मांगी तो भाजपा की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बयान को लेकर हो रही राजनीति- कुलदीप वत्स

बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने किसानों को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसानों के सम्मान की बात की है और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। वत्स ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा, जिससे किसानों का अपमान हो। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा उनके बयान को लेकर की जा रही बयानबाजी को राजनीति से प्रेरित बताया।

विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं और उनके सम्मान की बात उठाना था, न कि किसी किसान का अपमान करना।