• कांग्रेस बोली- सेवा संकल्प अभियान पेड इवेंट बनाया, SC आयोग अध्यक्ष बोलीं- कमाई वृद्धाश्रम में देंगे

पंचकूला में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले ‘रास गरबा महोत्सव’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक होटल पल्लवी के सामने होने वाले इस कार्यक्रम में कपल एंट्री के लिए 500 रुपए का रेट तय किया गया है। शुक्रवार को हरियाणा SC आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया व अन्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एंट्री और पास के रेट कार्ड जारी किए।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने इसे सेवा संकल्प अभियान के नाम पर भाजपा का पेड इवेंट बताया। वहीं, बंतो कटारिया ने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्व सांसद स्व. रत्नलाल कटारिया को समर्पित है और इससे होने वाली पूरी कमाई वृद्धाश्रम में दान की जाएगी।

उधर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने रेट कार्ड को गलत बताते हुए कहा कि इस तरह नहीं होना चाहिए। उन्हें कार्यक्रम के रेट कार्ड की जानकारी नहीं है।

CM की पत्नी करेंगी कार्यक्रम का उद्घाटन

बंतो कटारिया ने कहा- रास गरबा का कार्यक्रम 11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा। यह 9 दिन तक लगातार आयोजित होगा। इसकी थीम ‘नशे से दूर, संस्कृति के साथ’ रखी गई है। 11 अक्टूबर को रत्नलाल कटारिया ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पहले दिन एंट्री फ्री रहेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पत्नी सुमन सैनी करेंगी।

बंतो कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रशासन में 25 साल पूरे किए हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर को कहा था कि वर्ष 2001 में वे पंचकूला से ही गुजरात के प्रभारी के तौर पर वहां गए थे और बाद में गुजरात के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने खुद चुनाव लड़ा था। इससे पहले उन्हें चुनाव लड़ने का कोई अनुभव नहीं था।

आयोजक बोले- अनचाहे लोगों को रोकने के लिए रखी फीस

कार्यक्रम के संयोजक राजीव गुप्ता ने बताया कि गरबा नाइट में बच्चों के लिए एंट्री फीस 100 रुपए प्रतिदिन, कपल के लिए 500 रुपए प्रतिदिन और 9 दिनों का ऑल-इन-वन पास 1100 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है। आयोजक फीस नहीं लेना चाहते थे, लेकिन कार्यक्रम को नियंत्रित और सुरक्षित रखने के लिए यह जरूरी लगा। एंट्री फीस रखने का मुख्य उद्देश्य अनचाहे लोगों को कार्यक्रम में प्रवेश करने से रोकना है।

राजीव गुप्ता ने बताया कि आयोजन स्थल पर खाने-पीने के स्टॉल और काउंटर लगाने के लिए आयोजक केवल जगह उपलब्ध कराएंगे। स्टॉल संचालक खुद अपने कूपन जारी करेंगे और व्यवस्था संभालेंगे। इसमें आयोजकों का कोई व्यावसायिक लाभ नहीं होगा।

जानिए क्या है सेवा संकल्प अभियान

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा है। इसके तहत रक्तदान शिविर, पौधरोपण, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 7 अक्टूबर को भाजपा ने अलग-अलग जगहों पर सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली थीं। गुरुग्राम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आए थे।