- हरियाणा में बिजली निजीकरण का विरोध, पीछे हटी सरकार
हरियाणा के पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने प्रदेश में बिजली निजीकरण के मुद्दे पर कहा कि हरियाणा में बिजली व्यवस्था दूसरे राज्यों के मुकाबले पहले से बेहतर है। उन्होंने कहा कि कई बार सरकारें निजीकरण के फैसले लेती हैं। अमेरिका में सब कुछ निजी क्षेत्र में है और वहां व्यवस्था अच्छी चल रही है।
रणजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में बिजली यूनियन मजबूत है। उनके बिजली मंत्री रहते भी यूनियन की ताकत देखी थी। निजीकरण के फैसले पर थोड़ा विरोध हुआ तो सरकार ने इसे टाल दिया। इसके पीछे क्या कारण रहे, इस बारे में वह नहीं जाना चाहते।
पूर्व मंत्री सोमवार को सिरसा में बरनाला रोड स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में बिजली निजीकरण, कुलदीप बिश्नोई के नए घर और अपनी राजनीतिक पारी को लेकर जवाब दिए।
भजनलाल बड़े आदमी थे, बुर्ज खलीफा की तरह बनाया मकान
कुलदीप बिश्नोई के आदमपुर में नया घर बनाने के सवाल पर रणजीत चौटाला ने कहा कि यह उनका अपना घर है, वे कुछ भी बना सकते हैं। पूर्व सीएम भजनलाल बड़े आदमी थे और उन्होंने भी बहुत बड़ा मकान बनाया था।
उन्होंने कहा कि उन्होंने वह मकान देखा है। वह बुर्ज खलीफा की तरह बनाया गया है और पूरी बड़ी बिल्डिंग है। कुलदीप बिश्नोई पैसे वाले आदमी हैं, इसलिए कुछ भी बना सकते हैं।
फरवरी में लूंगा राजनीतिक निर्णय
राजनीति की नई पारी शुरू करने के सवाल पर रणजीत चौटाला ने कहा कि उन्होंने अभी कई कार्यक्रम तय किए हैं। अगले साल फरवरी में वह इस बारे में निर्णय लेंगे। इससे पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी राय जानेंगे।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को आदमपुर, 10 दिसंबर को नलवा, 20 दिसंबर को बवानीखेड़ा और 30 दिसंबर को उकलाना में बैठक रखी है। इन बैठकों के बाद तय करेंगे कि किस पार्टी में जाना है।
