- 108 गांवों में कराई मुनादी, 25 हजार मेहमान आएंगे, 4 एकड़ में टेंट
हरियाणा के बाढ़ड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास की डॉक्टर बेटी दीक्षा की शादी हिसार के डॉ. गोविंद के साथ होने जा रही है। सगाई गुरुग्राम में 19 अगस्त को हुई थी, अब 21 नवंबर को दोनों सात फेरे लेंगे।
इससे पहले 14 नवंबर को विधायक के पैतृक गांव पातुवास में लग्न एवं प्रतिभोज का बड़ा आयोजन रखा गया है। इसके लिए बाढ़ड़ा विधानसभा की सभी 108 पंचायतों में न्योता भेजा गया है, साथ ही मुनादी भी करवाई गई है। सीएम नायब सैनी को भी इनविटेशन दिया गया है।
विधायक के परिवार के मुताबिक, इस कार्यक्रम में 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए 3 से 4 एकड़ में टेंट लगाया जा रहा है, जबकि 70 से ज्यादा हलवाई मेहमानों के लिए देशी घी के पकवान तैयार कर रहे हैं।
दोनों की फैमिली के बारे में जानिए…
उमेद पातुवास चरखी दादरी जिले के पातुवास गांव के रहने वाले हैं। वे भारतीय नौसेना से रिटायर्ड हैं। 2024 में बाढड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। बड़ी बेटी डॉ. दीक्षा हैं, जिनकी शादी डॉ. गोविंद ग्रेवाल से हो रही है। दीक्षा एमबीबीएस के बाद एमडी कर रही हैं।
वहीं, उनके होने वाले पति डॉ. गोविंद ग्रेवाल हिसार के गांव सातरोड के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम विरेंद्र ग्रेवाल और माता का नाम सुलोचना है। गोविंद फिलहाल नोएडा में डॉक्टरी कर रहे हैं, जबकि उनका परिवार स्कूल चलाता है।
इस तरह चल रहीं कार्यक्रम की तैयारियां…
- 108 पंचायतों में भेजे शादी के कार्ड : विधायक उमेद पातुवास की बेटी की शादी में पूरे बाढड़ा क्षेत्र को न्यौता दिया गया है। विधानसभा की सभी 108 पंचायतों में कार्ड भेजे गए हैं। गांवों में मुनादी करवाकर भी लोगों को बुलाया गया है। चरखी दादरी और भिवानी के लोगों को भी न्यौता दिया गया है। 14 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश के मंत्री, विधायक और भाजपा नेता भी शामिल होंगे।
- 25 हजार लोगों के लिए 3-4 एकड़ में टेंट : शादी में 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए 3 से 4 एकड़ में टेंट लगाया गया है। इतनी बड़ी संख्या में मेहमानों के आने को देखते हुए बैठने और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि किसी को परेशानी न हो।
- 70 हलवाई तीन दिन से बना रहे खाना : मेहमानों के खाने के लिए भी खास तैयारी की गई है। सभी पकवान देशी घी में बनाए जा रहे हैं। खाने की शुद्धता का भी ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए 70 से ज्यादा हलवाई और उनकी टीम पिछले तीन दिन से खाना बनाने की तैयारी में जुटी है।
