हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा सूरजमुखी शाहाबाद क्षेत्र में पैदा की जाती है, जिसको देखते हुए कुरुक्षेत्र में सूरजमुखी ऑयल मिल स्थापित किया जाएगा, 15 जून तक सभी सडक़ों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसी कड़ी में शाहाबाद अनाज मंडी व सब्जी मंडी की सड़कों की 3 करोड़ 74 लाख रुपए में मरम्मत की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है,जो किसान की प्रगति में योगदान दे रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान अपने स्वास्थ्य, भूमि, वातावरण और समाज को नई दिशा दे सकते हैं।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा बुधवार को शाहाबाद अनाज मंडी में स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ताओं द्वारा चलाए जाने वाली अटल किसान मजदूर कैंटीन का शुभारंभ किया। साथ ही हरियाणा मार्केट विपणन बोर्ड द्वारा अनाज मंडी व सब्जी मंडी की सड़कों की 3.74 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली मरम्मत के कार्य का शिलान्यास किया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने 10 रुपये की थाली लेकर खाना खाया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति एकड़ एक देशी गाय खरीदने के लिए 30 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। गाय के पालन से घर में पीने के लिए दूध होगा और साथ ही गोबर से खाद तैयार करके प्राकृतिक खेती की जाएगी। किसानों को अपने घर में प्रयोग होने वाले अनाज को प्राकृतिक खेती से जरूर तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है, यहां पर कृषि को अच्छे से किया जाए तो देश की बेरोजगारी को दूर करना आसान होगा। युवाओं को खेती के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे किसान प्रोग्रसिव खेती करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। खेतों में दवाइयों के प्रयोग से बीमारियां बढ़ रही हैं। किसानों को अपने खेतों में फसल के अवशेषों में आग नहीं लगानी चाहिए।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिस क्षेत्र में जो फसल उगाई जाती है, उसके लिए खरीद के विशेष प्रबंध किये गए हैं। भाजपा की सरकार ने जिसकी फसल उसका पैसा नीति के तहत किसानों की फसल का पैसे सीधे उनके खातों में भेजा जा रहा है। फसल व सब्जियों को भावांतर भरपाई योजना के तहत कवर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 20 मई तक ड्रील से धान की रोपाई करें। इस विधि से खेत में पानी को खड़ा रखने की जरूरत नहीं है। सिर्फ भूमि का गीला रखने से ही धान की फसल से अच्छी पैदावार प्राप्त होगी। इससे धान रोपाई की मजदूरी और पानी की काफी अधिक मात्रा में बचत होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की फसल की बजाए दूसरी फसलों को उगाना चाहिए। बागवानी, मछली पालन जैसी अनेक योजनाएं भी चलाई हुई हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों व मजदूरों का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। अब तक प्रदेश में 80 जगह पर अटल किसान मजदूर कंटीन स्थापित की जा चुकी हैं, जहां पर किसान व मजदूरों को 10 रुपए में भरपेट खाना दिया जा रहा है। इस योजना के तहत प्रति थाली 15 रुपए की सब्सिडी सरकार द्वारा कंटीन चलने वाली संस्था को दी जाती है। भाजपा सरकार का लक्ष्य सभी अनाज मंडियों में अटल किसान मजदूर कंटीन स्थापित करना है, जिसको जल्द ही पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *