करनाल शहर में चल रहे विकास कार्य काे लेकर केंद्रीय मंत्री मनाेहरलाल ने शनिवार काे निरीक्षण करने के बाद प्रेसवार्ता में विपक्ष पर ईवीएम और वोट चोरी के अाराेप विपक्ष पर लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता अनाप-शनाप बातें करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में चुनाव हुआ, वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं है, वहां की करीब 91 प्रतिशत जनता ने साफ तौर पर कहा कि ईवीएम पूरी तरह ठीक हैं और कोई गड़बड़ी नहीं हुई। इसके बाद भी कांग्रेस लगातार वोट चोरी के आरोप लगाती रहती है, लेकिन हर चुनाव में जनता इन्हें नकार देती है।
अवैध काॅलाेनियाें के मुद्दे पर कांग्रेस और दुष्यंत पर साधा निशाना
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के बयान- अवैध कॉलोनियां सरकार के ही लोग काट रहे हैं, पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अगर ऐसा है, तो उन्हें स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि वह सरकार का कौन सा आदमी है, ताकि सबसे पहले उसी की जांच की जा सके। केवल आरोप-प्रत्यारोप करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि चौटाला के समय में भी और कांग्रेस के समय में भी सबसे ज्यादा अवैध कॉलोनियां कटी हैं। मौजूदा सरकार ने अपने कार्यकाल में कई अवैध कॉलोनियां तोड़ी हैं और राजनीतिक स्तर से ऊपर उठकर कार्रवाई की है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई भी गडबड़ी मिली ताे सबसे पहले एफअाईअार की जाएगी दर्ज
करनाल की मंडियों में सामने आए धान घोटाले काे लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी विभाग की अपनी प्रक्रिया होती है। अगर कहीं भी गड़बड़ी पाई जाती है, तो पहला कदम एफआईआर दर्ज करने का होता है। एफआईआर के बाद कई चीजें स्वय ठीक हो जाती हैं, लेकिन जिन मामलों में गंभीर लापरवाही या अपराध सामने आता है, वहां सख्त कार्रवाई भी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि करनाल में ऐसे कई उदाहरण हैं, जिनमें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है और वे आज तक उसका खामियाजा भुगत रहे हैं। सरकार ने पहले भी किसी को नहीं बख्शा और आगे भी किसी को नहीं बख्शा जाएगा।
-अवैध कॉलोनियों पर हाेगी कार्रवाई, अवैध निर्माण हुअा ताे जिम्मेदारी कंट्री टाउन प्लानिंग विभाग की
करनाल में अवैध कॉलोनियों के मुद्दे काे लेकर केंद्रीय मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वह हमेशा से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ रहे हैं। अवैध कॉलोनियों का निर्माण पूरी तरह गलत है। सरकार कॉलोनियां विकसित करने के लिए लाइसेंस देती है, ताकि नियमों के अनुसार सुविधाओं के साथ कॉलोनियां बसाई जा सकें। लेकिन थोड़े से लालच के कारण, चाहे वह कॉलोनाइजर हो या फिर प्लॉट खरीदने वाले, लोग कम दाम के लालच में नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं।
उन्होंने कॉलोनाइजरों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियां न काटें और लोगों से भी आग्रह किया कि वे ऐसे स्थानों पर प्लॉट न खरीदें। यदि इसके बावजूद अवैध निर्माण होता है तो जिसकी जिम्मेदारी कंट्री टाउन प्लानिंग विभाग की है, वह उस पर कार्रवाई जरूर करेगा।
