पलवल: हरियाणा की राजनीति में उथल-पुथल का दौर जारी है, जहाँ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पलवल के गांव घुघेरा में अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान उन्होंने कांग्रेस के भीतर व्याप्त गुटबाजी और संगठनात्मक कमजोरी को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया। बृजेंद्र सिंह पिछले तीन महीनों से इस यात्रा के जरिए प्रदेश की 36 विधानसभाओं का दौरा कर चुके हैं, लेकिन यात्रा के दौरान उन्हें पार्टी संगठन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
अपने संबोधन में उन्होंने बेहद कड़े लहजे में कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के संगठन की हालत ‘बिरान माटी’ जैसी हो गई थी। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना स्पष्ट संकेत दिया कि कुछ नेताओं ने कांग्रेस को अपनी निजी जागीर समझ लिया था, जिसके कारण 10-12 वर्षों तक प्रदेश में संगठन का निर्माण ही नहीं हो सका। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि अब तक हुई उनकी यात्रा में 10 से अधिक जिलों में से केवल पांच जिला अध्यक्षों ने ही उन्हें समर्थन और सहयोग दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन अध्यक्षों का धन्यवाद किया जिन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी उनका साथ निभाया।
भाजपा की रणनीति और कार्यशैली का जिक्र करते हुए पूर्व सांसद ने अपनी पार्टी को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ‘गहरी पार्टी’ है जिसका सांगठनिक तंत्र समाज की जड़ों में जाकर काम करता है। उनका मुकाबला करने के लिए केवल बयानों की जरूरत नहीं है, बल्कि निरंतर और सतत रूप से जमीन पर सक्रिय रहने की आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा के तंत्र को ‘खतरनाक’ बताते हुए कहा कि वे बिना शोर मचाए समाज के भीतर अपना काम करते हैं, जिसका मुकाबला करने के लिए कांग्रेस को अपनी विचारधारा और संगठन दोनों को मजबूत करना होगा।
बृजेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सराहना करते हुए कहा कि उसके बाद से कांग्रेस की मूल विचारधारा में स्पष्टता आई है। हालांकि, हरियाणा के संदर्भ में उन्होंने गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग आज भी डरे हुए हैं और संगठन की बजाय व्यक्ति विशेष के प्रति अपनी निष्ठा रखते हैं। उन्होंने 36 बिरादरी के भाईचारे और सद्भाव की बात करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यदि भाजपा का मुकाबला करना है, तो पार्टी को एकजुट होकर अपनी जड़ों को मजबूत करना होगा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे, जिनका ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
