• उसके जवाब भी मिल चुके, अब कोई मतलब नहीं

हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : दक्षिण हरियाणा में केंद्रीय राज्य राव इंद्रजीत, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर और पूर्व मंत्री अभय यादव के बीच चली जुबानी जंग के सवाल पर हेल्थ मिनिस्टर आरती राव ने पत्रकारों को ही नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा, मैं इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं करना चाहती। जो प्रश्न और उत्तर जो बयानबाजी जिन्होंने करनी थी, उन्होंने कर दी। जहां जवाब की जरूरत थी, वह राव साहब ने दे दिए। इससे ज्यादा मुझे कहने की जरूरत नहीं है।

मुझे लगता है कि अब इस प्रश्न का कोई मतलब रहा नहीं। हेल्थ मिनिस्टर आरती राव चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थीं, जिसमें पत्रकारों के द्वारा दक्षिण हरियाणा की सियासत पर पूछे गए सवालों के जवाब में आरती राव ने ये बयान दिया है।

क्या है विवाद…

1. 2024 चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद इन राव परिवारों के बीच सत्ता की कुर्सी और प्रभाव क्षेत्र को लेकर घमासान मचा हुआ है। अहीरवाल की 11 में से 10 सीटों की जीत ने बीजेपी को मजबूत बनाया, लेकिन पार्टी के अंदर ही गुटबाजी बढ़ गई है।

2. दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र ने राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई। अब इसी अहीरवाल क्षेत्र के नेता अब बीजेपी के लिए गले की हड्डी बन रहे हैं। वर्चस्व को लेकर 3 पीढ़ियों से सत्ता में बने परिवारों में खुली जंग छिड़ी है।
3. राव इंद्रजीत जहां अपनी बेटी आरती राव को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर चुके हैं, तो बादशाहपुर से विधायक और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह सीधे नाम लेकर राव इंद्रजीत परिवार पर जुबानी हमला कर रहे हैं।

4. इनके बीच पूर्व मंत्री और ब्यूरोक्रेट रहे डॉ. अभय यादव भी खुद को अहीरवाल का बड़ा नेता मानने लगे हैं और राव नरबीर की हां में हां मिलाते हुए राव इंद्रजीत पर मुखर होकर बोल रहे हैं। वह लगातार सार्वजनिक मंत्र पर इस मामले में बयान दे रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष भी स्वीकार कर चुके

गुरुग्राम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी को मतभेद बताया है। उन्होंने स्वीकार किया कि दक्षिण हरियाणा में नेताओं के बीच मतभेद थे, मनभेद नहीं था। अब इनके बीच मतभेद दूर हो गए हैं। अब हरियाणा भाजपा में अब बयानबाजी का दौर समाप्त हो गया है।

सभी के मतभेद दूर हो चुके हैं और पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ रही है। बड़ौली ने कहा कि हमने सभी नेताओं से बातचीत की है। कृष्ण पाल गुर्जर समेत सभी प्रभावशाली नेताओं से चर्चा हो चुकी है। अब सभी संतुष्ट हैं और पूरी तरह भाजपा के साथ खड़े हैं। बयानबाजी की बात पुरानी हो गई है।