• कांग्रेस-इनेलो राज में तरसते थे बुजुर्ग
  • 46.85 करोड़ के विकास कार्य का उद्घाटन-शिलान्यास

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुढ़ापा पेंशन को लेकर कांग्रेस और इनेलो पर करारा हमला बोला। नूंह के तावड़ू की अनाज मंडी में ‘विकसित सोहना-तावड़ू विधानसभा रैली’ में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि इनके राज में छह-छह महीने तक पेंशन भी नहीं मिलती थी। इनेलो राज में मात्र ₹200 और कांग्रेस के समय में मात्र ₹500 मिलते थे। बुजुर्गों का सम्मान भत्ता भाजपा ने बढ़ाने का काम किया है।

नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 11 वर्षों के अंदर, बुजुर्गों का सम्मान भत्ता 2200 रुपए तक बढ़ाने का काम किया है। मुझे खुशी है, आज बुजुर्ग हमारे सम्मानित व्यक्ति हैं, इनका आशीर्वाद हमारे सिर के ऊपर रहता है। तावडू की सरदारी के बीच से हरियाणा प्रदेश के बुजुर्गों को इस बात के लिए आश्वस्त करता हूं कि आपके इस सम्मान के अंदर ये भारतीय जनता पार्टी कोई कमी नहीं छोड़ेगी और ना कमी रहने देगी।

विपक्ष गिरेबां में झांके

उन्होंने कहा कि कांग्रेस-इनेलो को अपने गिरेबां में झांक करके देखना चाहिए। हरियाणा प्रदेश के अंदर, देश में सबसे ज्यादा अगर बुजुर्गों को सम्मान दिया जा रहा है, तो हरियाणा के अंदर देने का काम ये हमारी सरकार कर रही है।

रैली में राव इंद्रजीत और राव नरबीर भी मंच पर

जनसभा में उनके साथ केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह, पटौदी विधायक विमला देवी, भाजपा नेता मौजूद हैं।

सीएम ने नलहड़ मंदिर में किया जलाभिषेक

रैली में आने से पहले सीएम सैनी सुबह नलहड़ के प्राचान शिव मंदिर में पहुंचे। वहां उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भोले बाबा की आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर बम बम भोले, हर हर महादेव क जयकारों से गूंज उठा

इन विकास परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन-शिलान्यास

मुख्यमंत्री आज रैली में सोहना और नूंह क्षेत्र से संबंधित 46.85 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया है। नूंह में 25.58 करोड़ रुपए की पांच प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें 10 गांवों में पुस्तकालयों का निर्माण, नूंह में जिला लाइब्रेरी सह एक्सीलेंस सेंटर, सीईओ एमडीए का आवासीय परिसर, मकबरा परिसर का संरक्षण और गांव झामुवास में स्टेडियम का पुनर्विकास कार्य शामिल हैं।

रैली के दौरान लगभग 21.27 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इनमें 25 स्कूलों में खेल मैदान, अरावली क्षेत्र में जल संचयन संरचनाएं, 40 स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में हाइब्रिड सोलर प्लांट, मढ़ी (नगीना) में नीट/जेईई कोचिंग सेंटर, स्कूलों में फेशियल बायोमेट्रिक सिस्टम, एचएलजी कॉलेज तावड़ू में नए कक्ष, अटल किसान कैंटीन, कन्या विद्यालय भवन, तालाब निर्माण, सोहना फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण और सेजावास में बूस्टिंग सिस्टम प्रमुख हैं।