- MP-राजस्थान की 3-3 सीटें
चुनाव आयोग (EC) ने शुक्रवार को ऐलान किया कि 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून है। इन सीटों से मौजूदा सदस्य 21 जून से 19 जुलाई के बीच रिटायर हो रहे हैं।
रिटायर हो रहे सदस्यों में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह, पूर्व पीएम एच.डी. देवगौड़ा समेत 24 सांसद शामिल हैं।
आयोग के मुताबिक आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटों पर चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश और राजस्थान की 3-3 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
झारखंड की 3 सीटों पर भी चुनाव होगा। वहीं, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक राज्यसभा सीट के लिए भी मतदान कराया जाएगा।
ऐसे होता है राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा सांसदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया दूसरे चुनावों से काफी अलग है। राज्यसभा के सदस्य अप्रत्यक्ष रूप से चुने जाते हैं यानी जनता नहीं बल्कि विधायक इन्हें चुनते हैं। चुनाव हर दो साल में होते हैं, क्योंकि राज्यसभा एक स्थायी सदन है और इसके एक-तिहाई सदस्य हर दो साल में रिटायर होते हैं।
राज्यसभा सीटों की कुल संख्या 245 हैं। इनमें से 233 सीटों पर अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव होते हैं और 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं।
राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए कितने वोटों की जरूरत होती है, ये पहले से ही तय होता है। वोटों की संख्या का कैलकुलेशन कुल विधायकों की संख्या और राज्यसभा सीटों की संख्या के आधार पर होता है। इसमें एक विधायक की वोट की वैल्यू 100 होती है।
