- सतीश पूनिया-बड़ोली समेत बड़े नेता देंगे प्रशिक्षण
फतेहाबाद भाजपा संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर तैयार करने के उद्देश्य से 23 और 24 मई को अग्रोहा शक्तिपीठ में जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय शिविर में फतेहाबाद जिले के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इन कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा व कार्यपद्धति से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में भाजपा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
नेताओं के संबोधन के माध्यम से संगठन की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी।
100 कार्यकर्ताओं की तैयार की गई लिस्ट
जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के लिए अभी तक करीब 100 कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार की गई है। जिनमें प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हैं। प्रदेश नेतृत्व की ओर से सभी कार्यकर्ताओं को दोनों दिन पूर्ण समय शिविर में उपस्थित रहने और रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण शिविर में पूरा समय भाग नहीं लेने वाले कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी। इसे लेकर संगठन ने उपस्थिति को गंभीरता से लेने के संकेत दिए हैं।
बेहद उपयोगी होगा प्रशिक्षण शिविर-जोड़ा
बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बताया कि सूचीबद्ध कार्यकर्ता ही इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो सकते हैं। यह प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। शिविर में संगठन की बारीकियां जानने का मौका मिलेगा। बड़े नेता अपने अनुभव भी साझा करेंगे। साथ ही संगठन की मजबूती के टिप्स भी देंगे।
