• AAP ने जनता को किया निराश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार, 13 जून को अबोहर की अनाज मंडी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। जनसभा में अबोहर, बल्लूआना, फाजिल्का और जलालाबाद विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस भारी भीड़ को 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार से निराश हैं और अब ‘डबल इंजन’ की सरकार चाहते हैं। इस अवसर पर भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी सुनील जाखड़ और अबोहर विधायक संदीप जाखड़ सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।

CM सैनी ने भाजपा की सफलता का भी जिक्र किया

मुख्यमंत्री सैनी ने अबोहर नगर निगम चुनाव में भाजपा की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में न रहते हुए भी भाजपा ने इन चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था, जो फाजिल्का जिले सहित पूरे पंजाब में पार्टी के प्रति बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है। अपने संबोधन में, सैनी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजपुरा दौरे के दौरान उनकी रैली को प्रभावित करने के लिए रास्तों में गड्ढे खुदवाए गए थे। उन्होंने ‘आप’ और उसके नेतृत्व पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई ने उनकी कथित ईमानदारी की सच्चाई उजागर कर दी है। सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया।

मेडिकल कॉलेज की मांग

इस दौरान सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में ला एंड आर्डर की स्थिती बेहद खराब हो चुकी है। राज्य भर में आए दिन मर्डर होना आम बात हो गई है। लोग अपने घरों व दुकानों पर भी सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा पंजाब सरकार नशों को नियंत्रण करने में पूरी तरह फेल साबित हुई है क्योंकि नशा कम होने की बजाए दिनों दिन बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारी भाजपा सरकार आने पर इन दोनों मुद्दों को पहल के आधार पर हल किया जाएगा। इस दौरान विधायक संदीप जाखड़ ने अबोहर में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री सैनी ने आश्वासन दिया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद अबोहर को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जाएगी। सुनील जाखड़ ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि शहरवासियों के सहयोग से मेडिकल कॉलेज लाना उनका वचन है।