• कल से CM के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से शुरुआत, राव नरेंद्र बोले-लोगों को जागरुक करेंगे

हरियाणा में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में कांग्रेस में 3 नवंबर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ अभियान शुरू करेगी। चंडीगढ़ में आज 2 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने की आवाज को गांव-गांव, गली-गली और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी इसे जनभागीदारी वाले आंदोलन का रूप देने की योजना बना रही है।

लाडवा से होगी अभियान की शुरुआत

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 3 से 25 नवंबर तक प्रदेशभर में तीसरे चरण के तहत चौपाल अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से होगी।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके संवैधानिक मताधिकार के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूचियों की निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी इस अभियान को केवल सभाओं तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे व्यापक जनसंपर्क के जरिए आगे बढ़ाएगी।

चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल

कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया से सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को जानबूझकर बाहर किया, ताकि अपनी पसंद का मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह केवल आपसी टकराव का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा मुद्दा है।

पुलिस के इस्तेमाल का भी लगाया आरोप

संजय दत्त ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री को डर लगता है, पुलिस को आगे कर दिया जाता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चौपाल अभियान के माध्यम से मतदाता सूची और मतदान से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा।