• सरकार को ध्यान देना चाहिए

कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने महम के विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना पर सरकार को आड़े हाथ लिया। विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि फायरिंग की यह घटना हरियाणा की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है। जब एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि का कार्यालय भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर कैसे आश्वस्त हो सकता है?

सीवन स्थित कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में देवेंद्र हंस ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। गोलीबारी जैसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अपराधियों में कानून का भय लगातार कम हो रहा है। सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूती पर ध्यान देना चाहिए

गुहला विधायक ने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। लोकतंत्र में हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग

देवेंद्र हंस ने कहा कि विधायक बलराम डांगी एवं उनके कार्यालय में मौजूद सभी लोगों में आज भी भय का माहौल है। कब किस समय उन पर हमला हो जाए, कोई पता नहीं है। वे उनके कार्यालय में गगए थे, जहां हर कोई भयभीत दिखाई दिया। विधायक ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द हमलावरों को पकड़ा जाए और कड़ी कार्रवाई की जाए।