• चुनाव जीतने के लिए भाजपा लगा रही खुले चौके-छक्के

रोहतक में कांग्रेस के प्रदेश सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा ने इलेक्शन कमीशन पर कब्जा कर रखा है। भाजपा को पता है कि चुनाव जीतना है, इसलिए खुले चौके छक्के मार रही है। उन्हें रोकने के लिए जनता को सड़क पर उतरना पड़ेगा।

जितेंद्र बघेल ने कहा कि कांग्रेस बॉल तो सही डाल रही है, लेकिन जब तक इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया भाजपा के साथ रहेगा, तब तक क्या कर सकते है। एक बार ज्ञानेश कुमार को हटा दो, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इलेक्शन कमीशन नामक तोता तो भाजपा ने बैठा रखा है और उसकी गर्दन आरएसएस के हाथ में दे रखी है।

ईवीएम में आग लगना बड़ा सवाल

कांग्रेस प्रदेश सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि 8वीं मंजिल पर ईवीएम में आग लगना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। कांग्रेस को लोकतंत्र में विश्वास है, इसलिए लड़ाई लड़ रहे है। न्यायपालिका पर भी भाजपा ने कब्जा कर रखा है, जिसके कारण जजमेंट भी सही नहीं हो रही। आज हर प्रदेश में अलग-अलग कानून बना रहे है। आज कांग्रेस संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

भाजपा नहीं चाहती जवाबदेही तय हो

जितेंद्र बघेल ने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि उनकी कोई जवाबदेही तय हो। भाजपा का मुखिया नरेंद्र मोदी व आरएस मुखिया मोहन भागवत, खुद ऐसी चीजें करवा रहे है, जिससे किसी भी वर्ग का भला नहीं हो रहा। सरकार सभी वर्गों के विपरित पॉलिसी बना रही है। क्योंकि यह सरकार जनता की नहीं है।

संस्थाओं पर कब्जा कर जीत रही चुनाव

जितेंद्र बघेल ने कहा कि भाजपा ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर रखा है। इलेक्शन को जिस प्रकार मोड़ रहे है, उससे साफ है कि सरकारी तंत्र का किस प्रकार दुरुपयोग किया जाता है। रक्षामंत्री ने खुद एक इंटरव्यू में कहा कि भाजपा में इस्तीफा नहीं होता। जबकि यूपीए सरकार में जवाबदेही तय होती थी और इस्तीफा भी देते थे।