• जींद से दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, ईको-फ्रेंडली रैली होगी

 हरियाणा में 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित जींद दौरा विकास, आधुनिक परिवहन और आधारभूत ढांचे के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरे के दौरान प्रदेश को हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने के साथ देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

इसी को लेकर गोहाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह दौरा केवल नई परियोजनाओं का उद्घाटन भर नहीं, बल्कि हरियाणा को हरित ऊर्जा, आधुनिक परिवहन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत सड़क-रेल नेटवर्क के नए दौर में ले जाने वाला ऐतिहासिक अवसर होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की जींद में होने वाली रैली भी पूरी तरह ईको-फ्रेंडली होगी, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश देगी।

17 जुलाई का दौरा विकास इतिहास में होगा मील का पत्थर

गोहाना स्थित सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई का जींद दौरा हरियाणा के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री प्रदेश को हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन से शुरू होगा नया युग

डॉ. शर्मा ने कहा कि जींद से गोहाना होते हुए सोनीपत तक चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। यह केवल एक रेल परियोजना नहीं बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन टेक्नोलॉजी की दिशा में भारत के बढ़ते कदमों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा हाइड्रोजन हब के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ईको-फ्रेंडली रैली बनेगी आकर्षण का केंद्र

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद में होने वाली जनसभा पहली ईको-फ्रेंडली रैली होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर आमजन और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पूरे देश तक पहुंचे।

डबल इंजन सरकार ने विकास को दी नई रफ्तार

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हरियाणा में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि हरियाणा आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है।

स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगी बड़ी मजबूती

उन्होंने कहा कि भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से दक्षिण हरियाणा के लोगों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

रेल और पर्यटन परियोजनाओं से बढ़ेगा विकास

डॉ. शर्मा ने बताया कि कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना शुरू होने से वर्षों पुरानी जाम और यातायात की समस्या का समाधान होगा। वहीं कुरुक्षेत्र में बनने वाला आधुनिक सिख म्यूजियम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देगा तथा प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

सड़क परियोजनाओं से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

उन्होंने कहा कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड, अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352ए) ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, हांसी-बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। इन परियोजनाओं से यात्रा का समय कम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

विकास और पर्यावरण साथ-साथ बढ़ रहे हैं

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उनका लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चलें और हाइड्रोजन ट्रेन इसी सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है।

17 जुलाई की जनसभा देगी विकास और विश्वास का संदेश

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 17 जुलाई को जींद में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा विकास, विश्वास और जनभागीदारी का बड़ा संदेश देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा और प्रदेश को नई ऊर्जा, नई गति तथा नए अवसर प्रदान करेगा।