- सामूहिक इस्तीफे की लेगी रिपोर्ट
हिसार में आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता पहुंच रही हैं। उनका हांसी में स्वागत समारोह होगा। इसके बाद वह हिसार में दोपहर के समय 7 जिलों के मंडल अध्यक्षों व प्रभारियों के संवाद करेगी। वह हिसार में पिछले दिनों 11 मंडल अध्यक्षों के सामूहिक इस्तीफे पर भी चर्चा करेगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के दौरे से पहले भाजपा डैमेज कंट्रोल की स्थिति में हैं। कल दो मंडल अध्यक्षों ने इस्तीफा वापस लेने का ऐलान भी किया। हालांकि अर्चना गुप्ता हिसार के मंडल अध्यक्षों से अलग से संवाद कर सकती हैं।
आज होने वाली बैठक में पंजाब चुनाव पर मंथन हो सकता है। आज होने वाली बैठक में हरियाणा की पंजाब से सटी बेल्ट फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली के मंडल अध्यक्ष भी शामिल होंगे। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के साथ नवनियुक्त महामंत्री गोपाल शर्मा मोर्चा संभालेंगे, जबकि दूसरे नवनियुक्त महामंत्री वेद फुला की मौजूदगी हो सकती है। पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ और तमाम स्थानीय नेता रहेंगे।
इन जिलों के मंडल अध्यक्ष जुटेंगे
आज भाजपा कार्यालय में 7 सांगठनिक जिलों का सम्मेलन होगा। इसमें हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, हांसी, डबवाली, फतेहाबाद और सिरसा के दिग्गज जुटेंगे। इन सभी क्षेत्रों से 82 मंडल अध्यक्ष अपनी रिपोर्ट के साथ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी जिलों के 82 मंडल प्रभारियों के अलावा पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों के अलावा भाजपा के स्थानीय जिलों के नेता भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की सफलता और पिछले कामों की समीक्षा
बैठक में दो बड़े एजेंडों पर बात होगी। पहला, पिछले दिनों हिसार और आसपास के संगठन ने जमीनी स्तर पर जो काम किए हैं और आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों की सफलता को लेकर चर्चा होगी। इनका मूल्यांकन (मंथन) होगा। दूसरा, स्टेट बॉर्डर के तीनों जिलों के पदाधिकारियों को पंजाब चुनाव के मद्देनजर विशेष जिम्मेदारियां सौंपे जाने के भी संकेत हैं।
