- कांग्रेस में गुटबाजी का असर, जिलाध्यक्ष ने 9 को बुलाई बैठक MLA सेतिया की चेतावनी
सिरसा के कांग्रेस भवन में कल 9 अगस्त को होने वाली मीटिंग के लिए कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का दौरा स्थगित हो गया है। जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल के बुलावे पर सिरसा में कार्यकर्ताओं के साथ प्रोग्राम रखा है, जिसमें वे नहीं आ रहे। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ओर से प्रोग्राम की अगली तिथि भी तय नहीं की है। इसकी अधिकारिक पुष्टि भी हो गई है। अब जिलाध्यक्ष ही वर्करों की मीटिंग लेंगी, जिसके लिए सभी को रविवार को बुलाया है।
सूत्रों की मानें तो इस दौरे को लेकर सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा और पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह के बीच बातचीत हुई थी, जिसके बाद ये स्थगित हो गया। उनके इस दौरे से यहां के तीनों कांग्रेस विधायकों में भी नाराजगी चल रही थी। बकायदा विधायक गोकुल सेतिया ने पोस्ट डालकर एवं मीडिया को दिए बयान में चेतावनी दी थी कि मैं किसी के इलाके में दखलअंदाजी नहीं करता, तो अगर मेरे इलाके में कोई ऐसा करेगा तो सहन नहीं होगा।
सिरसा आकर राजनीति करे तो मैं भी उचाना जाकर चूल लगाने का काम करूंगा।
पार्टी नेताओं को दिया था निमंत्रण
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष पिछले कई दिनों से जिले के सभी हलकों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं को 9 तारीख को कांग्रेस भवन में होने वाली मीटिंग के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। इसी मीटिंग के दौरान सभी मंडल अध्यक्षों का चयन किया जाना है। मगर अब इस मीटिंग में वे दोनों ही नहीं आ रहे। वहीं, इस पर जिलाध्यक्ष की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। इससे वर्करों में संशय बना हुआ है। वहीं, पार्टी नेतृत्व की ओर से बयान नहीं आया है।
अभी अगला प्रोग्राम तय नहीं
मामले में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के मीडिया प्रभारी उदयवीर पूनिया का कहना है कि सिरसा में 9 तारीख वाले प्रोग्राम को एक बार स्थगित कर दिया है। अभी अगला प्रोग्राम तय नहीं हुआ है। जल्द ही सिरसा में कोई बड़ा प्रोग्राम रखेंगे। सिरसा जिला कांग्रेस के लिए बड़ा गढ़ है और वहां के वर्करों से मीटिंग कर पार्टी को मजबूत करना ही उद्देश्य है।
तीसरा गुट पर हुड्डा-सैलजा हुआ एक
सिरसा में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के दौरे के चलते तीसरा गुट बनने की तैयारी में चल रहा है। जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल से विधायकों ने किनारा कर लिया है और सांसद कुमारी सैलजा पर प्रधान बनाने में स्पोर्ट न करने वाली तीखी बयानबाजी के बाद दूरी बना ली है। जिलाध्यक्ष ने भी उनसे दूरी बनाकर वर्करों एवं समर्थकों के साथ अलग से मीटिंग कर रही है और उनमें से ही मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए कहा गया है।
पार्टी पोस्टर में फोटो पीछे लगाया
पार्टी के पोस्टर में फिर से बदलाव किया गया है। नए पोस्टर में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह का फोटो सांसद कुमारी सैलजा के फोटो के बाद में लगा दिया गया है। वरना पहले वाले पोस्टर में फोटो सांसद सैलजा के फोटो से आगे लगा था। जिलाध्यक्ष पिछले कुछ दिनों से चर्चा में हैं और उनकी मीटिंग में भी कोई विधायक या चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी नहीं पहुंच रहे।
शादी में आने पर बयानबाजी बनी खींचतान
सिरसा विधायक गोकुल सेतिया की ओर से अपने छोटे भाई की शादी में आने के लिए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को निमत्रंण दिया था। मगर उनकी ओर से कोई नहीं पहुंचा और पूर्व सांसद बृजेंद्र ने मीडिया में बयान दिया कि मेरी यात्रा चल रही थी और इतनी कितनी शादियां आती है, किस-किस में जाऊं।
इसके बाद दोनों में बयानबाजी शुरू हुई और विधायक सेतिया ने भी बीजेपी में रहकर मलाई खाने एवं दाढ़ी बढाकर यात्रा करने पर आरोपी एवं सवाल उठाए थे। तब से दोनों में खींचतान चल रही है।
