• जुलाना में अभय चौटाला ने केंद्र-प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

जींद जिले में जुलाना की पुरानी अनाज मंडी में शनिवार को इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मीटिंग में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने शिरकत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर निशाना साधा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महंगाई और अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी, कर्मचारी सहित समाज का हर वर्ग सरकार से परेशान है। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे और उनके अभिभावक भी सरकार की नीतियों से दुखी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

अभय ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा पर भी साधा निशाना

अभय चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी टीम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भूमिका के कारण भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने चुनावी वादों का भी जिक्र किया, जिनमें किसानों की आय दोगुनी करने, काला धन वापस लाने और लोगों के खातों में 15 लाख रुपए जमा करने के वादे शामिल थे, जो पूरे नहीं हुए।

उन्होंने जननायक जनता पार्टी (जजपा) पर भी हमला बोला। अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जजपा को 10 सीटें दी थीं, लेकिन पार्टी के नेताओं ने चार साल तक सत्ता का लाभ उठाया। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस के षड्यंत्र के कारण प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनी।

कार्यकर्ताओं से इनेलो की नीतियों को घर घर पहुंचाने का आह्वान

अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से इनेलो की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आगामी 27 सितंबर को नूंह में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, प्रदेश महासचिव प्रो. धर्मेंद्र ढुल, पूर्व विधायक रामफल कुंड, बिजेंद्र रेढू, कृष्ण लाठर, प्रताप लाठर और सतीश नैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।