•  फिर ऐसा जवाब दूंगा कि 7 पीढ़ियां याद रखेंगी

रोहतक जिले के गढ़ी सांपला किलोई हलके में कार्यकर्ताओं को नूंह में होने वाले सम्मान दिवस कार्यक्रम का निमंत्रण देने पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। अभय चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पहले नोटिस दें, फिर ऐसा जवाब दूंगा कि 7 पीढ़ी याद रखेंगी।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा कैसे कह सकता है कि राम प्रस्ता से उसका कोई मेलजोल नहीं है। अगर हुड्डा कह देगा तो मेरी बात सच्ची हो जाएगी। भूपेंद्र हुड्डा ने अमित शाह के बारे में कहा कि मेरा मेलजोल नहीं है, जबकि उसके नीचे क्लिप चल रही कि अमित शाह से मेरे पुराने संबंध है। अमित शाह के पास जिस गाड़ी से गए, उसका नंबर भी है, समय आने पर बताउंगा।

पहले नोटिस आने दो, फिर दूंगा जवाब

अभय चौटाला ने कहा कि पहले भूपेंद्र हुड्डा का नोटिस आने दो, फिर उसका उसी हिसाब से जवाब दूंगा। हुड्डा के खिलाफ FIR हुई थी, राम प्रस्ता नाम का बिल्डर है, जिसमें हुड्डा का भतीजा पार्टनर है। भूपेंद्र हुड्डा का नाम भी उसमें है। वालिया उसका मालिक है। इसके बाद ईडी ने भूपेंद्र हुड्डा पर केस दर्ज किया, लेकिन जेल नहीं भेजा।

ईडी ने हुड्डा को बचने का दिया मौका

अभय चौटाला ने कहा- ईडी ने रेड मारकर जिस मामले में केस दर्ज किया, उसमें भूपेंद्र हुड्डा को गिरफ्तार करने की बजाय बचने का मौका दिया। अमित शाह से रात को मिलने के बाद हुड्डा राहुल गांधी के घर गए और रात को ही 30 सीटों की घोषणा करवा दी। अगले दिन मनोहर लाल खट्टर और नायब सैनी ने कहा कि हमने सब इंतजाम कर लिए।

भाजपा एजेंट के रूप में का कर रहा भूपेंद्र हुड्डा

अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा के एजेंट के रूप में भूपेंद्र हुड्डा काम कर रहे है। 2016 में राज्यसभा चुनाव में अपनी वोट खाली छोड़कर कैंसिल करवाई। 13 वोट पेन की स्याही बदलकर कैंसिल करवाई। जिस दिन से भाजपा की सरकार बनी, भूपेंद्र हुड्डा ने अपने आप को बचाने के लिए भाजपा से सौदा कर लिया।

दीपेंद्र हुड्डा को बताया बहरूपिया

अभय चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा सुबह कुछ बोलते है, शाम को कुछ बोलते है। इसका छोकरा दीपेंद्र हुड्डा ने सज्जन सिंह की मौत पर कहा कि यह कांग्रेस का आईकॉन था। आज क्यों गिड़गिड़ा रहा है। आज क्यों कह रहा है कि मेरे मुंह में शब्द डालकर बोला जा रहा है। क्या वह बच्चा है, लॉलीपोप खाने वाला है। जो कहा है, उस बात पर खड़ा रहे, क्यों सफाई दे रहा है।

मातूराम की दिखा दे FIR

अभय चौटाला ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा झूठ बोल रहा है कि उसका परदादा मातूराम कभी अजीत सिंह के साथ जेल गया था। एक FIR की कॉपी दिखा दे कि कभी जेल गया था। कहां-कहां तक झूठ बोलते रहेंगे। अब इनके झूठ का पर्दाफाश हो रहा है।

सीएम को घूमने फिरने से फुरसत नहीं

अभय चौटाला ने कहा कि सीएम मुम्बई गए तो कुछ इंवेस्टमेंट लाए, उसका स्वागत करेंगे। लेकिन सीएम को घूमने फिरने से फुरसत नहीं है। हरियाणा में सीएम को कोई नहीं बुलाता। केवल टाइम पास कर रहा है। अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहा है।

अटल बिहारी वाजपेयी के बयान में ध्यान में रखे भाजपा

अभय चौटाला ने कहा कि जब चीनी का भाव 20 रुपए हुआ तो विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में कहा कि जो चीनी नहीं संभाल सकते, वो देश क्या संभालेंगे। आज उन्हीं की पार्टी सत्ता में है। वाजपेयी के बयान को ध्यान में रखते हुए देश को संभालना चाहिए। लेकिन भाजपा का ध्यान तो देश को लूटने में लगा है। आज हर वर्ग सड़क पर खड़ा है।

खेड़ी साध की जमीन को लेकर जल्द दूंगा दस्तावेज

अभय चौटाला ने कहा कि खेड़ी साध की 27-28 एकड़ जमीन, जिसकी कीमत 200 करोड़ से अधिक है, उसे मात्र 16-17 लाख रुपए में ऑक्शन में खरीदा गया। उसे खरीदने वाले केवल दो लोग, जिसमें एक पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और दूसरा सतीश नांदल है। जल्द उसके दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखूंगा।