• मुकेश शर्मा बोले-जाति पर बांटना बंद करें

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। गुरुग्राम से भाजपा विधायक मुकेश शर्मा ने कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल द्वारा सदन में दिए गए बयान पर ब्राह्मणवाद विरोधी बताते हुए आपत्ति जताई।

विधायक मुकेश शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाज में जातिवाद का जहर घोलने की कोशिश कर रही कांग्रेस पार्टी को अपने इस कृत्य के लिए पूरे समाज से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि आज सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल द्वारा जिस प्रकार की अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह बेहद निंदनीय है। विधानसभा में इस तरह के जातिसूचक और समाज को बांटने वाले बयानों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

36 बिरादरी का अपमान स्वीकार नहीं

भाजपा विधायक ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति और राजनीति हमेशा से ’36 बिरादरी’ के सम्मान पर आधारित रही है। भारतीय जनता पार्टी सर्वसमाज को साथ लेकर चलने और सभी वर्गों के समान विकास की विचारधारा में अटूट विश्वास रखती है।

मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक का यह बयान न केवल किसी एक वर्ग के खिलाफ है, बल्कि यह पूरी प्रदेश की जनता और 36 बिरादरी के भाईचारे का घोर अपमान है, जिसे हरियाणा के लोग कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे।

कांग्रेस की राजनीति पर तीखा प्रहार

मुकेश शर्मा ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास विकास के नाम पर बात करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। यही कारण है कि चुनावी लाभ और राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए कांग्रेस नेता अब खुलकर जाति के नाम पर समाज को बांटने की घटिया राजनीति पर उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, कांग्रेस समाज में दरार पैदा करने की साजिशें रचने लगती है, लेकिन हरियाणा की समझदार जनता उनकी इस विभाजनकारी नीति को पूरी तरह समझ चुकी है।

सार्वजनिक माफी की मांग

विधायक मुकेश शर्मा ने मांग की कि कांग्रेस पार्टी को अपनी इस ओछी राजनीति को तुरंत बंद करना चाहिए। समाज के ताने-बाने को ठेस पहुंचाने के लिए कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल और पूरी कांग्रेस पार्टी को देश व हरियाणा के सर्वसमाज से बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस बयान के बाद विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों ही तरफ राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं।

जानिए…गीता भुक्कल ने क्या कहा

कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि ब्राह्मण समाज में रामकुमार गौतम जैसा व्यक्ति पैदा हो सकता है, जो हर समय समाज में जातीय जहर घोलता रहता है। हालांकि, उनके बयान में इस्तेमाल किया गया “ब्राह्मण” शब्द बाद में कार्यवाही से हटा दिया गया। साथ ही भाजपा विधायक भुक्कल से माफी मंगवाने पर अड़ गए। इसके बाद कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने खड़े होकर कहा कि मैं क्षमा मांगता हूं।