• PM की मिमिक्री पर विज ने राहुल गांधी को घेरा

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी हिंदुस्तान की संस्कृति और मां के स्थान को नहीं जानते। विज ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों को अच्छे संस्कार देने की बजाय उनकी आदतें बिगाड़ रहे हैं, ताकि वे भी अपनी मां का अपमान करें।

विज का यह बयान इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन पुलकित मणि द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने को लेकर आया है। कार्यक्रम में पुलकित मणि ने पीएम मोदी के बोलने और हाव-भाव की नकल की थी। राहुल गांधी भी उनके साथ मंच पर नजर आए और बातचीत के दौरान हंसे। इसको लेकर BJP नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना की।

विज बोले- प्रजातंत्र में कद का हिसाब वोट से होता है

विज ने कहा कि राहुल गांधी अब जगह-जगह भागे-भागे घूम रहे हैं और उन्हें लगता है कि इससे उनका राजनीतिक कद बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “प्रजातंत्र में कद का हिसाब वोट से होता है।”

दो यूनिवर्सिटी की जीत ने उन्हें जवाब दिया

उन्होंने युवाओं के बीच राहुल गांधी की सक्रियता पर भी निशाना साधा। विज ने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी में ABVP की जीत के जरिए युवाओं ने उन्हें जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि युवा बहुत समझदार हैं और राहुल गांधी को गलतफहमी है कि लोग उनके साथ हैं।

कांग्रेस का जहाज तो डूब रहा

विज ने आगे कहा कि लोग राहुल गांधी को देखने के लिए पहुंच सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे उनके साथ हैं। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि “कोई भी डूबते जहाज में चढ़ना नहीं चाहता, कांग्रेस का जहाज तो डूब रहा है।”