- पानीपत में BJP सरकार और अभय चौटाला पर साधा निशाना
पानीपत में आयोजित पानीपत शहरी ब्लॉक अधिवेशन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पानीपत एक ऐतिहासिक शहर है और देश की राजनीति का इतिहास गवाह है कि जिसने पानीपत जीता, उसने दिल्ली जीती है।
ब्लॉक अधिवेशन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरिंदर शाह, जिलाध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष अजय खुराना के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों और नशा विरोधी यात्रा पर तंज कसते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के सीएम अपने प्रदेश में तो कुछ कर नहीं पा रहे हैं, लेकिन रोज पंजाब जा रहे हैं। हुड्डा ने नसीहत दी, अगर मुख्यमंत्री पंजाब जा ही रहे हैं, तो कम से कम हरियाणा के हक का SYL का पानी ही मांग लें।
उन्होंने याद करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय SYL नहर की खुदाई का काम कराया गया और सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर हरियाणा को हक दिलाया गया था।
सवाल पर बोले- जेल से क्या डरूंगा, स्वतंत्रता सेनानी का पोता हूं
जब पत्रकारों ने सवाल किया कि विरोधी उन पर बीजेपी की अंदरखाने मदद करने और जेल के डर से शांत रहने का आरोप लगा रहे हैं, तो हुड्डा भड़क गए। हुड्डा ने दो टूक कहा, मैं जेल से क्या डरूंगा? मेरा दादा नहीं डरा, मेरा बाप नहीं डरा। दोनों 8-8 बार जेल गए हैं। मैं एक स्वतंत्रता सेनानी का पोता हूं। इनेलो नेता अभय चौटाला के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और राज्यसभा चुनाव में बीजेपी को किसने वोट दिया, यह सब जानते हैं। अभय चौटाला तो अपने परिवार को बर्बाद करने की सुपारी लेकर बैठे हैं।
जनता का बीजेपी से मोहभंग, कानून-व्यवस्था ठप
अधिवेशन को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि जनता का बीजेपी से मोहभंग हो चुका है। हरियाणा में क्राइम रेट चरम पर है और हर नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो पोर्टल जनता को सहूलियत देने के बजाय परेशान करें, ऐसे पोर्टल की हरियाणा को जरूरत नहीं है।
नगर निगम में मीडिया बैन का उठा मुद्दा
अधिवेशन के दौरान स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने पानीपत नगर निगम की हाउस बैठक में पत्रकारों और मीडिया की एंट्री पर लगाए गए प्रतिबंध का मुद्दा हुड्डा के समक्ष प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को रोकना पारदर्शिता के खिलाफ है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अगली बैठक तक मीडिया पर लगा बैन नहीं हटाया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हुड्डा ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को हरियाणा विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे।
