• पंजाब चुनाव से पहले विज का विपक्ष पर हमला

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पंजाब में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार आने की आहट से विपक्ष में बेचैनी है। इन सभी पार्टियों का वजूद जनता ने नकार दिया है। ये अकेले लड़ें या अलग-अलग, इनका खात्मा होना तय है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को जब-जब देश में मौका मिला, तब-तब वह कुछ करके नहीं दिखा सका। ऐसे में जनता फेल बच्चों को क्यों पसंद करेगी।

विज मंगलवार को अंबाला में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उनसे आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच शुरू हुए आरोप-प्रत्यारोप और कांग्रेस के बड़े नेताओं द्वारा सपा के साथ गठबंधन से इनकार करने संबंधी सवाल पूछा गया था।

बोले- नशे के खिलाफ अभियान से बढ़ीं विपक्ष की धड़कनें

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से भाजपा के पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान पर उठाए गए सवालों पर विज ने कहा कि केजरीवाल को तकलीफ इस बात की है कि पंजाब में भाजपा की सरकार आने वाली है। भाजपा ने पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जब से यह यात्रा चल रही है, विपक्ष की धड़कनें बढ़ गई हैं।

विज ने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि भाजपा की सरकार बनने पर नशा बंद हो जाएगा और नशे के किंगपिन से जुड़े राजनीतिज्ञों की राजनीति खराब हो जाएगी। इसी डर के कारण इस प्रकार के बयान दिए जा रहे हैं।

किसानों को लेकर सुरजेवाला के बयान पर पलटवार

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के हरियाणा में किसानों को लेकर भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों के जवाब में विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों की नीतियों पर पूरा जोर दे रही है। हरियाणा में फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। इससे किसानों के छोटे-मोटे काम पूरे हो जाते हैं। विज ने कहा कि इससे पहले किसी सरकार ने किसानों के लिए इस तरह के काम नहीं किए।