- पंजाब में फुल टाइम व्यस्त हैं
नूंह जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बयानों से सियासी माहौल तेज हो गया है। फिरोजपुर झिरका में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पहुंचे हुड्डा ने भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री, किसानों के मुद्दों और मेवात के 2 विधायकों पर अपनी बात रखी।
हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पार्ट टाइम मुख्यमंत्री’ कहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले वह मुख्यमंत्री को पार्ट टाइम कहते थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि मुख्यमंत्री पंजाब में फुल टाइम व्यस्त हैं। हुड्डा ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं, तो हरियाणा के लोगों की जिम्मेदारी कौन संभालेगा।
2 विधायकों ने कांग्रेस के साथ धोखा किया
उन्होंने आईपीएस पूर्ण कुमार आत्महत्या मामले का भी जिक्र किया। हुड्डा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि उनके कहने से चपरासी की बदली तक नहीं हो रही है। किसानों के मुद्दे पर भी हुड्डा ने सरकार से सवाल किए। उन्होंने डीएपी खाद की कथित कमी को लेकर सरकार की जिम्मेदारी पर जोर दिया।
मेवात की राजनीति पर आते हुए हुड्डा ने 2 विधायकों को भी सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विधायकों ने कांग्रेस के साथ धोखा किया है। हुड्डा ने उन्हें चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्मत है तो चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
कांग्रेस सरकार बनने पर बूचड़खानों को हटाया जाएगा
बूचड़खानों को लेकर भी हुड्डा ने एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पहली कलम से बूचड़खानों को हटाया जाएगा। साथ ही उन्होंने मेवात को रेल लाइन से जोड़ने के प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाया और भाजपा सरकार पर इसे रोकने का आरोप लगाया।
हुड्डा ने कहा कि आने वाले चुनाव में मेवात की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा। उनके बयानों के बाद अब भाजपा और संबंधित विधायकों की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें हैं।
