• भूपेंद्र हुड्डा के किलोई दौरे पर चेयरपर्सन का तंज

रोहतक जिले के गढ़ी सांपला किलोई हलके में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यक्रमों को लेकर जिला परिषद की चेयरपर्सन व भाजपा की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मंजू हुड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि भूपेंद्र हुड्डा को 12 साल बाद किलोई की सड़कों की याद आई। भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ी सांपला किलोई का अजेय दुर्ग अब ढह चुका है।

मंजू हुड्डा ने 2024 में गढ़ी सांपला किलोई हलके से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। मंजू हुड्डा ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा लगातार विधायक बन रहे है, लेकिन पहली बार उन्हें अपने गढ़ में बूथ स्तर तक खुद उतरना पड़ रहा है। यह केवल एक चुनाव की बात नहीं, बल्कि जमीन पर परिवर्तन की नींव है।

कांग्रेस की साख पूरी तरह गिरी

मंजू हुड्डा ने कहा कि देश व प्रदेश में कांग्रेस की साख पूरी तरह गिर चुकी है। गढ़ी सांपला किलोई की सम्मानित जनता भी अब खोखले वादों और परिवारवाद की राजनीति को नकार कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रही है। जो नेता कभी इस हलके को अपना अजेय दुर्ग मानकर बेफिक्र रहते थे, आज उन्हें अपनी गिरती साख को बचाने के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क करना पड़ रहा है।

गढ़ी सांपला किलोई में नहीं रोक सकते बदलाव

मंजू हुड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर काम कर रहे है। गढ़ी सांपला किलोई में जो बदलाव की बयार बही है, उसे अब रोका नहीं जा सकता। कांग्रेस चाहे कितने भी जतन कर ले, जनता का रुख अब साफ है कि भाजपा के सुशासन, विकास और सबका साथ, सबका विकास के नीति-संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।