- सिरसा में इनेलो-जजपा और पूर्व मंत्री ने रखे प्रोग्राम, नई प्रतिमा का अनावरण
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री रहे चौ. ताऊ देवीलाल की आज 25 सितंबर को 113वीं जयंती है। अबकी बार हर बार की तरह इनेलेा और जजपा ने अलग-अलग जगह पर ताऊ देवीलाल की जयंती मनाई जाएगी। ताऊ देवीलाल की जयंती पर अन्य क्षेत्रीय पार्टियों नेता ही नहीं, विपक्ष के नेता, सांसद, विधायक व मंत्री श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
इनेलो की ओर से जयंती पर हरियाणा के नूंह में होने जा रहे सम्मान समारोह को लेकर प्रदेशभर में जिले-जिले में जाकर पार्टी समर्थकों व लोगों को निमंत्रण दिया गया। इसके लिए कई दिन से तैयारी चल रही है। पूर्व बिजली मंत्री ने सिरसा स्थित अपने आवास पर जयंती प्रोग्राम रखा है। जजपा की ओर से ताऊ देवीलाल की नई प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं।
अब जजपा के यूथ प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने अपने पैतृक गांव चौटाला में मकान की नींव रखी है और वहीं से डबवाली हलके के लिए राजनीति को मजबूत करने की तैयारी है। इससे पहले उनका गांव में मकान नहीं था। ताऊ देवीलाल का पुस्तैनी मकान डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल के हिस्से में आ गया है। यहीं से ताऊ देवीलाल देशभर की राजनीति चलाते थे।
सिरसा जेसीडी में प्रतिमा पर करेंगे पुष्प अर्पित
इस अवसर पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से 27 सितंबर को नूंह में ताऊ देवीलाल सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 25 सितंबर को इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला अपने परिवार के साथ दिल्ली राजघाट में स्थित ताऊ देवीलाल की स्माधि पर बनी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे।
इस दौरान उनके साथ दोनों बेटे जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण चौटाला व रानियां विधायक अर्जुन चौटाला मौजूद रहेंगे। सिरसा में जेसीडी में ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा सिरसा और डबवाली व पन्नीवाला मोटा व ऐलनाबाद में इनेलो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जयंती मनाई जाएगी।
जजपा ने की ताऊ देवीलाल की नई प्रतिमा स्थापित
जजपा की ओर से सिरसा के गांव शक्कर मंदोरी में ताऊ देवीलाल की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा का अनावरण जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला स्वयं करेंगे। साथ ही जजपा के यूथ प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला मौजूद रहेंगे। यह प्रोग्राम शुक्रवार सुबह 11 बजे रखा है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला दिल्ली में ही राजघाट पर चौ. देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे।
जिले में जहां-जहां ताऊ देवीलाल की प्रतिमा लगी है। उन प्रतिमा की पहले दिन वीरवार को साफ-सफाई करवाई गई और शुक्रवार को उन प्रतिमाओं पर जजपा नेता व कार्यकर्ता पुष्प अर्पित कर जयंती मनाएंगे। सुबह 11 बजे के बाद सभी कार्यकर्ता शक्कर मंदोरी में पहुंचेंगे। इससे पहले जिले में करीब 16 जगह पर ताऊ देवीलाल की प्रतिमा लगी है। इस समेत कुल 17 प्रतिमा हो गई है।
पूर्व बिजली मंत्री पोते-पोती संग करेंगे जनता को संबोधित
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल के बेटे एवं हरियाणा के पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह हर बार इनेलो और जजपा से अलग अपना कार्यक्रम रखते हैं। इस बार भी सिरसा में बरनाला रोड स्थित अपने आवास पर पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने जिला स्तरीय कार्यक्रम रखा है। यहां पर रानियां हलके सहित जिलेभर से कार्यकर्ता एवं अपने समर्थकों को बुलाते हैं।
वे पहले ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने का कार्यक्रम होता है और बाद में पूर्व मंत्री रणजीत सिंह समर्थकों को संबोधित करते हैं। इस दौरान उनका बेटा गगनदीप सिंह चौटाला और उनका पोता सूर्य प्रकाश चौटाला व पोती गायत्री और पत्नी व पूरी फैमिली मौजूद रहती है। पिछली बार उनके पोते सूर्य प्रकाश व पोती गायत्री ने भी लोगों को संबोधित किया था।
जेसीडी में डायरेक्टर करेंगे पुष्प अर्पित
जेसीडी विद्यापीठ से डायरेक्टर एवं जनरल डॉ. जय प्रकाश हुड्डा अपने टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ के साथ ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। साथ ही इनेलो जिलाध्यक्ष जसबीर जस्सा और स्थानीय नेता व कार्यकर्ता पहुंचेंगे। सुबह सवा 9 बजे ये प्रोग्राम शुरू होगा।
पहले जयंती प्रोग्राम को लीड करते थे स्वयं ओपी चौटाला इनेलो शुरू से ही ताऊ देवीलाल की जयंती मनाती आ रही है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओपी चौटाला स्वयं जयंती प्रोग्राम को लीड करते थे। उस समय विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, मंत्री, पूर्व मंत्री, विधायकों और विभिन्न सीनियर नेताओं को जयंती में आने का निमंत्रण दिया जाता था। इनमें अधिकांश नेता जयंती में शामिल होने के लिए आते भी थे।
साल 2021 में भी चर्चाओं के बीच ताऊ देवीलाल की जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री एचडी देवगौडा, प्रकाश सिंह बादल, मुलायम सिंह, फारूख अब्दुला, चंद्र बाबू नायडू, तृणमूल नेता यशवंत सिन्हा, रालोद जयंत चौधरी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, वीरेंद्र सिंह को निमंत्रण दिया था। परंतु तब केवल फारूख अब्दुला, वीरेंद्र सिंह और प्रकाश सिंह बादल ही आए थे।
पूर्व सीएम चौ. ओपी चौटाला के स्वर्गवास के बाद इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ही इसे लीड कर रहे हैं। पिछली बार रोहतक में ताऊ देवीलाल जयंती पर बड़ा प्रोग्राम रखा था। इस बार नूंह में सम्मान समारोह रखा है। पिछले दो सालों से दूसरे राज्य से कोई मुख्यमंत्री या पूर्व मुख्यमंत्री नहीं पहुंचा। पंजाब से बादल परिवार अवश्य आते हैं।
