• पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह समेत कई बड़े नेता पहुंचेंगे, पार्टी को मजबूत करने पर फोकस

जींद जिले में उचाना के राजीव गांधी महाविद्यालय में 25 सितंबर को कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह सहित कई बड़े कांग्रेस नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे। इसका मकसद कांग्रेस को मजबूत करना और संगठन की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना है। पहले यह सम्मेलन राजीव गांधी महाविद्यालय के सभागार में होना था। लेकिन कार्यकर्ताओं की ज्यादा संख्या की संभावना को देखते हुए अब महाविद्यालय परिसर में टेंट लगाया गया है। आयोजकों ने मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर कूलर की व्यवस्था भी की है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी के संबोधन पर नजर

राजनीतिक गलियारों की नजर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के संबोधन पर रहेगी। चौधरी बीरेंद्र सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके पुराने राजनीतिक संबंध रहे हैं।

बृजेंद्र सिंह द्वारा प्रदेश में निकाली गई सद्भाव यात्रा को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं में चर्चा है। यह यात्रा राहुल गांधी की मंजूरी के बाद निकाली गई थी। गुरुग्राम में राहुल गांधी खुद भी इसमें शामिल हुए थे।

हजारों कार्यकर्ता पहुंचने की उम्मीद

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दलबीर श्योकंद, हरेंद्र सिंह, कुमार अनिल, सुरेंद्र गर्ग और अनूप श्योकंद ने बताया कि 25 सितंबर को होने वाले ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

उन्होंने कहा कि गांवों में सम्मेलन का निमंत्रण देने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता एकत्रित हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। सम्मेलन में पहुंचने वाले कार्यकर्ता कांग्रेस नेताओं के विचारों और संबोधन को सुनेंगे।