• बहादुरगढ़ में दीपेंद्र हुड्डा का भाजपा पर तंज

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में काग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा विधायकों को जनता के बीच जाकर मिलने की नसीहत दी है। इसका मतलब साफ है कि भाजपा के विधायक जनता के बीच नहीं जा रहे हैं।

दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा में नशे के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में सरकार बनने के बाद नशा खत्म करने का दावा कर रही है, जबकि हरियाणा में नशे की होम डिलीवरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता पिछले 12 साल से भाजपा सरकार के शासन में कष्ट झेल रही है।

‘भाजपा नेता कॉलोनियां काटने में लगे’

हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और विधायक कॉलोनियां काटने में लगे हुए हैं। कहीं लाइसेंसी कॉलोनियां काटी जा रही हैं तो कहीं अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान विकास की बजाय अपने हित साधने पर है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ‘झूठ, लूट और फूट’ की 3 स्तरीय नीति पर काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए भाजपा को ‘भारतीय झूठी पार्टी’ तक कह दिया।

‘थम म्हारे पर विश्वास राखियो, हम थारे पर विश्वास राखेंगे’

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि अब हरियाणा में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए नए सिरे से लड़ाई शुरू करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “थम म्हारे पर विश्वास राखियो, हम थारे पर विश्वास राखेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और प्रदेश के दूसरे राजनीतिक दल लगातार उन्हें निशाना बनाते हैं और उनके बारे में तरह-तरह की बातें करते हैं। हुड्डा ने कहा कि वह नरम और शरीफ हैं, इसलिए बहुत कुछ नहीं बोलते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह सुनते नहीं हैं। उनके साथ जनता खड़ी है और लोकतंत्र में जनता का साथ ही सबसे बड़ी ताकत है।

चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना

दीपेन्द्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि साजिश के जरिए भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश को इस्तीफा देना ही होगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।