- सोनीपत पहुंचे पूर्व मत्री कैप्टन अभिमन्यु
सोनीपत के छोटूराम धर्मशाला में भाईचारा स्नेह मिलन समारोह में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पहुंचे और उसके बाद उन्होंने पत्रकारवार्ता की। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी संवाद बढ़ाकर भ्रम, अविश्वास और दूरियों को खत्म करने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि समाज को बांटकर अपना स्वार्थ पूरा करने वालों को पहचानें और समाज के हित और अहित में अंतर समझें। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अब भाईचारे का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा और लोगों को आपसी संवाद बढ़ाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
भाईचारा मजबूत करने के लिए गांव-गांव जाएंगे
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सम्मेलन में 36 बिरादरी सहित सर्व समाज के लोगों ने आपसी बोलचाल और व्यवहार बढ़ाकर भाईचारा मजबूत करने का संकल्प लिया है। समाज में पैदा हुए भ्रम, अविश्वास और दूरियों को बातचीत के माध्यम से खत्म किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भाईचारे में जो खाइयां पैदा हुई हैं, उन्हें पाटकर सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की जरूरत है। अब इस विचार को गांव-गांव तक ले जाकर लोगों से भाईचारा मजबूत करने की अपील की जाएगी।
जातियों में बांटकर स्वार्थ पूरा करने वालों को पहचानें
राजनीति में जाति और धर्म के इस्तेमाल के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वह राजनीतिक मंच से नहीं, बल्कि सामाजिक मंच से बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसे तत्व भी होते हैं, जो समाज को बांटकर अपना स्वार्थ पूरा करते हैं।
समाज को बांटने वालों को बेनकाब करने की जरूरत
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सामाजिक कार्यक्रमों का उद्देश्य ऐसे लोगों को पहचानना और उजागर करना भी है, जो एक समाज को दूसरे समाज के खिलाफ खड़ा करने का काम करते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे समाज के हित और अहित में अंतर समझें। समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को नकारने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सर छोटूराम के संदेश का किया जिक्र
पीठ में छुरा घोंपने संबंधी सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वह सामाजिक मंच पर हैं और समाज सुधार के आंदोलन की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में भाईचारा खंडित करने के प्रयास होते रहे हैं और ऐसे उदाहरण समाज के सामने हैं। उन्होंने सर छोटूराम के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि दुश्मनों को पहचानना जरूरी है। भाईचारा स्नेह मिलन भी इसी दिशा में एक माध्यम है।
विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
उन्होंने कहा कि भाईचारा स्नेह मिलन समारोह में मलिक, दहिया, गहलावत, खत्री, आंतिल, नैन और सरोहा सहित विभिन्न खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा शहर के सामाजिक और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि समारोह में सर्व समाज के लोगों की भागीदारी रही और भाईचारे को मजबूत करने को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ।
फरवरी 2016 की घटनाओं का भी किया जिक्र
भाजपा पर भाईचारा तोड़ने के आरोपों से जुड़े सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने फरवरी 2016 की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय 35 बिरादरी की स्थिति और घटनाओं को लेकर समाज को ईमानदारी से आकलन करना चाहिए कि आखिर जहर घोलने का काम किसने किया था और इसके पीछे कौन लोग थे। उन्होंने कहा कि समाज को स्वयं तय करना चाहिए कि कौन उसके हित में काम कर रहा है और कौन उसे बांटने का प्रयास कर रहा है।
‘समाज के दुश्मनों से है लड़ाई, आखिरी सांस तक लड़ेंगे’
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उनकी लड़ाई समाज के दुश्मनों से है। जो लोग समाज का अहित करेंगे और भाईचारा तोड़ने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ वह जीवन की आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की सज्जन शक्ति को निष्क्रिय रहने के बजाय सक्रिय होना होगा और भाईचारा मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
