• इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल का कार्यकाल पूरा होने पर बुधवार को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवार में जन्मे एक व्यक्ति ने अपने गुणों के आधार पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 साल तक लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया।यह व्यक्ति हमारे प्रिय नेता नरेंद्र मोदी हैं। अमित शाह ने कहा कि जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, मोदी के ये 25 साल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे।

देश को गरीबी से उठाने की यात्रा

अमित शाह ने कहा कि यह गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाना, नक्सलवाद खत्म करना, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का मंदिर बनाना, देश में इन्फ्रास्ट्रक्र और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने की यात्रा है। हमने अभी-अभी प्रधानमंत्री जी काे सुना है और आज यहां से 800 मीटर दूर चौराहे पर युवा सेवा ज्योति यात्रा लेकर पहुंचेंगे, वहां पर मशाल को प्रतिस्थापित करेंगे।

पहली बार पहुंची प्रभारी स्मृति ईरानी

हरियाणा BJP की प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार हरियाणा पहुंचीं। वह गुरुग्राम में अमित शाह के साथ सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुईं। पार्टी ने उन्हें 23 सितंबर को हरियाणा प्रभारी बनाया। इससे पहले उन्हें 27 सितंबर को भिवानी में एक सम्मेलन में पहुंचना था, लेकिन वो नहीं आईं थी। फिर सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में जींद में उनके पहुंचने की जानकारी सामने आई। हालांकि वो गुरुग्राम में आईं। उनके साथ पार्टी के सह प्रभारी भोला सिंह भी रहे।

हरियाणा में अमित शाह का 8वां दौरा

21 जून 2019: बतौर गृहमंत्री पहली बार रोहतक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में पहुंचे।

29 जून 2024: पंचकूला में हरियाणा सरकार और NFSU के बीच MOU कार्यक्रम में शामिल हुए।

16 जुलाई 2024: महेंद्रगढ़ में पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन में पहुंचे।

31 मार्च 2025: हिसार में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया।

3 अक्टूबर 2025: रोहतक में डेयरी प्लांट और कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

17 नवंबर 2025: फरीदाबाद में नॉर्दर्न जोनल काउंसिल की 32वीं बैठक में शामिल हुए।

24 दिसंबर 2025: पंचकूला में वीर बाल दिवस कार्यक्रम में भाग लिया।

7 अक्टूबर 2026: गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।