• नकली नोट उड़ाकर जताया विरोध, बोले- हमसे पैसे ले लो जनता को मत लूटो

करनाल नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर पुतला फूंका और नकली नोट उड़ाकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम में बिना पैसे के काम नहीं होते और प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले सामने आए हैं।

उन्होंने हाल ही में 5 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़े गए निगम क्लर्क के मामले का भी उल्लेख किया। प्रदर्शनकारी निगम कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

प्रॉपर्टी आईडी सुधार के नाम पर रिश्वत का आरोप

कांग्रेस नेता पराग गाबा, रजत लाठर व अन्य ने कहा कि नगर निगम में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। उन्होंने बीते दिनों नगर निगम के एक क्लर्क के 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़े जाने का मामला उठाया। नेताओं के अनुसार क्लर्क ने प्रॉपर्टी आईडी में सुधार करने के लिए रिश्वत मांगी थी, जिसके बाद विजिलेंस ने उसे पकड़ लिया।

मेयर की जानकारी पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम में भ्रष्टाचार फैला हुआ है, लेकिन इसकी जानकारी मेयर को नहीं है। उन्होंने कहा कि निगम में होने वाले भ्रष्टाचार की जानकारी विजिलेंस तक पहुंच जाती है और आरोपी भी पकड़े जाते हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सब अधिकारियों और अन्य लोगों की मिलीभगत से हो रहा है।

नकली नोट लेकर पहुंचे कांग्रेसी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक तरफ भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त देश की बात करती है, जबकि दूसरी ओर अधिकारियों और मेयर की नाक के नीचे भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने नकली नोट दिखाते हुए कहा कि जिस अधिकारी या जनप्रतिनिधि को पैसे लेने हैं, वह उनसे ले सकता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे अपनी झोली भर देंगे, लेकिन करनाल की जनता को लूटने की जरूरत नहीं है।