• कृष्णपाल गुर्जर बोले- कांग्रेस हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देती है

फरीदाबाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना परिवार के बिगड़ैल बच्चे से करते हुए कहा कि उन्हें वोट चोरी से कोई मतलब नहीं है, बल्कि वे किसी भी तरह सत्ता हासिल करना चाहते हैं कांग्रेस चुनाव हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, जबकि जिन राज्यों में उसकी सरकार बनती है, वहां उसे यही व्यवस्था सही लगती है।

राहुल गांधी जिद्दी और बिगड़ैल बच्चा

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार में कोई बच्चा जिद्दी और बिगड़ैल होता है, उसी तरह राहुल गांधी भी हैं। गुर्जर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मकसद चुनाव प्रक्रिया में सुधार करना नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना है।

कांग्रेस के पुराने शासन का जिक्र

गुर्जर ने कहा कि देश में अच्छे दिनों का महत्व समझने के लिए लोगों को पुराने समय की घटनाओं को याद करना चाहिए। उन्होंने बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में बूथ कैप्चरिंग, मतपेटियां लूटने, दोबारा मतदान कराने और निर्दोष लोगों की हत्या जैसी घटनाएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि पहले कई जगह सुबह ही लोगों को बता दिया जाता था कि उनका वोट डाला जा चुका है।

जहां चुनाव हारे वहीं सवाल

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनती है, वहां ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन दूसरे राज्यों में हार मिलने पर इन्हीं पर आरोप लगाए जाते हैं।

बोले- सत्ता के पीछे भागने के बजाय जनता का भरोसा जीतें

राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए गुर्जर ने कहा कि राहुल खुद कहते हैं कि उनकी पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जाती। ऐसे में जनता उन्हें नेता के रूप में कैसे स्वीकार करेगी? उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र है और सत्ता हासिल करने तथा सत्ता से हटाने का रास्ता चुनाव है। राहुल गांधी को आरोप लगाने के बजाय जनता का भरोसा जीतने पर ध्यान देना चाहिए।