• सिरसा विधायक गोकुल की पूर्व मंत्री बीरेंद्र-बृजेंद्र को चेतावनी

हरियाणा कांग्रेस में पूर्व मंत्री और विधायक के बीच खुलकर जुबांनी जंग शुरू हो गई है। वीरवार को सिरसा में “वोट चोरी” प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने विधायक गोकुल को लेकर कहा था, जो कांग्रेस के साथ है। जो कांग्रेस के साथ नहीं है, वो दूसरी तरफ है और वो क्या सामान है। इसी बयान पर विधायक गोकुल सेतिया ने सियासी तंज कसा है।

विधायक गोकुल सेतिया ने मंच से पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह व पूर्व सांसद बृजेंद्र को सीधा बाबू-बेटा बताते हुए खुली चेतावनी देते हुए कहा, अरे बीरेंद्र सिंह थारे इलाके में इस हफ्ते में गोकुल सेतिया आएगा। रोककर देखियो, पता चल जाएगा कि गोकुल सेतिया क्या चीज है? दाढ़ी बढ़ा ली इतनी-इतनी तो अपने आप को छोटा राहुल गांधी समझने लगे।

यह बयान उन्होंने कैथल के कलायत में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में आयोजन मंच से दिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, विधायक विकास सहारण, विधायक चंद्र प्रकाश जांगड़ा, विधायक बलराम दांगी व अन्य नेता मंच पर मौजूद थे, पर किसी ने उनको नहीं टोका। सब संबोधन सुनकर हंसते नजर आए।

विकास सहारण से पूछो सलीखा

विधायक गोकुल सेतिया बोले, अगर हमारे अंकल जी होते तो पूरा करंट मारते, टिकागे। सारी जनता करंट मारती। विकास सहारण को लेकर कहा, इतना अच्छा छोरा और किसी को कुछ नहीं बोलता। हमारे हलके में ऐसे भी बैठे हैं, जो बिना गाली के एसपी से भी नहीं बोलते। कहते कि हम जिला परिषद के चेयरमैन है हम। ये एमपी का छोरा है और सलीखा सीखना है तो विकास सहारण से पूछो।

इस कार्यकर्ता सम्मेलन ने रैली का रूप ले लिया। मैं सबसे पहले पहुंचा तो सबसे पहली मेरी हाजिरी है। हर कार्यकर्ता कहने लगा कि उचाना कब आ रहे हो? ये कार्यकर्ता सम्मेलन में ये कह रहे कि देखना उचाना में चाहने वाले कितने हैं। परमात्मा ने इतना लगाव कर दिया कि आपके यहां आते रहेंगे। आप साथ देना बस।

जानिए विधायक सेतिया ने मंच से क्या-क्या कहा

दाढ़ी बढ़ा ली तो छोटा राहुल गांधी समझने लगे

विधायक गोकुल सेतिया ने आगे कहा, कुछ चंद (पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह) लोग कांग्रेस पार्टी के ठेकेदार बनकर बैठे हैं। दाढ़ी बढ़ा ली इतनी-इतनी तो अपने आप को छोटा राहुल गांधी समझने लगे। उसका बाबू (पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह), मैं उनके सामने बुजुर्ग होने की वजह से बोला नहीं करता था। जैकेट डालने पर कमेंट करता था। वीरवार को हमारे ही सिरसा आ रहा था। सिरसा आकर कहता कि वो (गोकुल) तो सामान ही क्या है।

चौ. बीरेंद्र सिंह का नाम लेते हुए कहा, मैं वो सामान हूं और पिछले चुनाव में आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और धनी सेठों से लड़ा। जब बीजेपी का 75 पार का नारा था तो आपकी धर्मपत्नी उचाना की जनता ने 47 हजार वोटों से हराने का काम किया था। आज बात करते हो। पहले तो दीपेंद्र हुड्‌डा से कहते कि एक बार प्रचार करने के लिए आ जाओ।

मंच पर मौजूद लोगों ने टोका, पर संबोधन जारी रखा

इस तरह के बयान देने पर विधायक गोकुल सेतिया को मंच पर मौजूद लोगों ने उनको टोक दिया। इस पर विधायक गोकुल नहीं रूके और संबोध जारी रखते हुए बोले, इसमें पार्टी के खिलाफ क्या है, वो भेज रहे हैं मेरे हलके में तो कसर क्या रह गई। कहते कि गोकुल सेतिया पार्टी के खिलाफ बोलता है और सारा टोल (विरोध गुट) दिन हमारे नेता के खिलाफ बोलता है कि उनको कोई ऑर्डर निकालने वाला है पार्टी की तरफ से और इनसे कोई पूछने वाला क्यों नहीं है।

37 एमएलए हुड्‌डा साहब की देन से बने

इन लोगों ने कांग्रेस पार्टी का भट्‌ठा बैठाकर रख दिया। आज 37 एमएलए में से 5 तो भाग लिए और बचे हुए 31-32 एमएलए हुड्‌डा साहब की वजह से बने थे। सुन लेना, इन सारे टोलों को कहना चाह रहा हूं। आज ये बात करते हैं कि हम पार्टी का नुकसान करते हैं। 37 विधायक भूपेंद्र हुड्‌डा व दीपेंद्र हुडडा की वजह बने हैं। इन्होंने काम करके दिखाया।

दीपेंद्र हुड्‌डा को टारगेट करते हैं और कहते कि बाबू-बेटा

विधायक गोकुल बोले, दीपेंद्र हुड्‌डा को टारगेट करते हैं और कहते कि बाबू-बेटा। बाबू-बेटा में दम हैं तो ही पूरे हिंदूस्तान में सबसे ज्यादा वोट से रोहतक सीट से जीतकर आते हैं। दूसरा, ये बाबू-बेटा, जिनकी धर्मपत्नी भी हार गई थी और चीख मारता था। अगर तेरे में दम था तो मुख्यमंत्री क्यों नहीं बना। पहले अपनी सीट तो बचा ले। बृजेंद्र सिंह तेरा ही बेटा था तो वह हिसार से सांसद था तो टिकट क्यों नहीं मिली। बेटे ने कुछ किया नहीं। दीपेंद्र व भूपेंद्र हुड्‌डा तो हर किसी की मदद करते हैं और कांग्रेसी परिवार है।

लोगों ने दोबारा टोका, पर नहीं माने

इस बयान के बाद मंच पर मौजूद लोग विधायक गोकुल को दोबारा टोकते हैं, पर अपना भाषण शुरू रखते हैं। शुरू में ये सोचा कि इन लोगों का लड़ने का काम है और कोई बात नहीं। हुड्‌डा साहब ने टिकट दी है। मेरी और बीरेंद्र सिंह की उम्र में कितना फर्क है। फिर भी मेरे बारे में कहता कि कोई सामान नहीं है। चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी व विधायकों और यहां की जनता के आर्शीवाद से इस हफ्ते उचाना आएगा।

रात को पग लगाकर बोलते हैं उल्टा-सीधा

विधायक गोकुल बोले, फेसबुक पर रात को पग लगाकर उल्टा-सीधा बोलने वाले हैं, उनको कह दिया कि रोक सके तो रोककर देख लेना। आखिर में विधायक सेतिया कहते कि गलती हो गई हो तो माफी चाहूंगा। सारे इकट्‌ठा हो जाओ और जो ये दूसरी टीम है। ये कांग्रेस पार्टी को खराब करने वाली टीम है।

कभी आपने सुना होगा। बीजेपी व अन्य राजनीतिक दल बोलते हैं तो वे हुड्डा साहब पर ही बोलते हैं, इनके खिलाफ क्यों नहीं बोलते। क्योंकि सब रल मिलिए है। वरना हरियाणा का पहले ही बिहार वाला हाल हो रखा है और ये बिलकुल सत्यानाश कर देंगे। हो सके तो आने वाले समय में हुड्‌डा साहब का साथ देना और हमारी टीम का साथ देना।