• फरीदाबाद में राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- PM को हटाने का सपना देख रहे

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को किसी भी कीमत पर नहीं हटाया जाएगा। कांग्रेस और राहुल गांधी हर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुर्सी से हटाने के सपने देखते हैं, लेकिन ऐसे ख्याली पुलाव पकाने से कुछ होने वाला नहीं है। वर्ष 2014 से 2026 आ गया, लेकिन कांग्रेस अब भी यही सपने देख रही है।

विपुल गोयल ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकारें कई प्रदेशों में बनीं, तब उसे चुनाव आयोग में कोई खामी नजर नहीं आई। लेकिन जब भाजपा की सरकार बनती है तो कांग्रेस चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को समर्थन हासिल है और ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग का कोई औचित्य नहीं है।

सरकार के पास था 2:1 का बहुमत

बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को फरवरी 2025 में नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय चयन समिति की सिफारिश के बाद हुई थी। समिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल थे।

इसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरकार के दो सदस्य थे, जबकि राहुल गांधी विपक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस तरह समिति में सरकार के पक्ष में 2:1 का बहुमत था। यह चयन समिति का बहुमत था, संसद में ज्ञानेश कुमार के पक्ष में हुई कोई मतदान प्रक्रिया नहीं थी।

महाराजा अग्रसेन गेट का किया शिलान्यास

विपुल गोयल रविवार को सेक्टर-15 में महाराजा अग्रसेन गेट के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास और सौंदर्यीकरण के इन प्रयासों में सामाजिक व धार्मिक संगठनों के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है।

शहर के विकास में समाज की भागीदारी पर जोर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने के लिए सरकार और प्रशासन के साथ समाज के लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों में सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से पूरा सहयोग दिया जा रहा है।