• रोहतक में JJP महिला प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा को घेरा

रोहतक में जननायक जनता पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुष्यंत चौटाला ने भाजपा का साथ दिया था, उस समय जेजेपी की लेगेसी थी। परिस्थितियों के अनुसार साथ देना पड़ा।

चौधरी देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला ने भी भाजपा का साथ दिया था। रजनी मलिक ने कहा कि जब 2019 दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार बनाने के लिए सहयोग किया, तब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा समझकर दिया था।

सरकार में हिस्सा होने के बाद पता चला कि यह तो मोदी-शाह की भाजपा है। मोदी-शाह की भाजपा में रोजाना मर्डर, प्रदर्शन व अंडरएज बच्चों से हत्या करवा रहे है। इसकी उम्मीद भी नहीं की थी।

वर्तमान में BJP का साथ देने की संभावना नहीं

रजनी मलिक ने कहा कि वर्तमान समय में भाजपा का साथ देने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन राजनीति में कोई मलाल या पछतावा नहीं होता। वो समय की मांग के अनुरूप निर्णय लिया जाता है। जब भाजपा का साथ दिया, तो लोगों की भलाई के लिए कई कदम भी उठाने का काम किया।

जेजेपी भी मानती है कि वोट चोरी हुए

रजनी मलिक ने कहा कि जेजेपी पार्टी भी मानती है कि वोट चोरी हुए है। पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल एस.एस. राठी, जिन्होंने देश की सेवा की, उनका खुद का वोट कट गया। BCCL प्रदेश अध्यक्ष राजेश का वोट कटा हुआ है, जबकि उन्होंने तो इलेक्शन भी फाइट कर रखा है। वोट कटने का कारण भी नहीं बता रहे। जो आदमी पेंशन ले रहा है, क्या वो इस देश का नागरिक नहीं है।

भाईयों की लड़ाई नहीं, विचारधारा की बात

रजनी मलिक ने कहा कि चौटाला परिवार की बात है, वो उनका पारिवारिक मामला है। जब दो भाई अलग हो जाते हैं, वो कभी इकट्ठे नहीं होते। दो भाईयों के बीच लड़ाई नहीं है, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। जनता को अच्छे से पता है कि भविष्य का नेता कौन है। भविष्य किसके हाथ में है।