• कैथल में वोट बचाओ अभियान के तहत चौपाल

कैथल में राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और आम नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी का मुद्दा लोकतंत्र के सामने गंभीर सवाल बनकर उभरा है।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

कर्मवीर बौद्ध कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित चौपाल कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान गुहला-चीका विधायक देवेंद्र हंस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने तथ्यों और आंकड़ों के साथ उठाया मुद्दा

कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा तथ्यों और आंकड़ों के साथ देश के सामने रखा है। कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है कि नागरिकों के वोट देने के अधिकार और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता की रक्षा कैसे की जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित होना और चुनाव आयोग का निष्पक्ष रहना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक कर रही है।

कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने की। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।