- रोहतक में कामरेड इंद्रजीत का भाजपा पर जुबानी हमला
रोहतक में अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग वैज्ञानिक हो गए, जो कहते हैं कि पटाखे जलाने से प्रदूषण नहीं होता। उन्होंने कहा दिल्ली या कहीं भी जाकर देख लो, लोगों को जो घुटन हुई है, वो दीवाली के बाद हुई।
उन्होंने कहा कि फेफड़ों के अंदर जहर जा रहा है, ये बहुत बड़ी आपराधिक एक्टिविटी है। किसी राजनीतिक व्यक्ति को ऐसी मूर्खतापूर्ण बात नहीं करनी चाहिए।
कामरेड बोले- इनकी लूटिया डूब चुकी
कामरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज भाजपा घिर चुकी है। इनके जितने भी दुनिया में सगे-संबंधी थे, उन सबकी लुटिया अब डूब रही है। इजरायल को फादर लैंड कहते थे, उसकी भी लुटिया डूबी। उन्होंने कहा कि ट्रंप सरकार का नारा देने वाले थे, तो अब ट्रंप की भी लुटिया डूब गई। जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहीं पर इनके लोगों को जनता सबक सिखा रही है। खुद नागपुर के अंदर MLC की सीट हार गए। इनके अब बुरे दिन आ गए हैं।
वोट डालने के अधिकार पर डाल रहे डाका
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि INDIA गठबंधन के माध्यम से लोकतंत्र बचाने की मुहिम छेड़ रखी है। वोट डालने के अधिकार पर डाका पड़ा है। SIR के जितने फर्जीवाड़े हुए थे, वो अब खुद चुनाव आयोग को भी मानना पड़ रहा है। फॉर्म-6 का मसला हो, सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कहना पड़ा कि जिनके फॉर्म बच गए हैं वो भर दें।
बोले- भाजपा की हालत ‘खिसयानी बिल्ली खंबा नोचे’ जैसी
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं। रोहतक में देखने को मिला कि 700 मीटर जगह में बोले कि 25 हजार की हाजरी थी, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष आया हुआ था। यही लोग पहले कहते थे कि अगर करोड़ों लोगों के नाम कटे हैं तो लाखों लोग सड़क पर क्यों नहीं आ रहे। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में लाखों आ गए। अब ‘खिसयानी बिल्ली खंबा नोचे’ जैसी हालत हो गई है।
विपक्ष देशद्रोही तो विदेशी डील कौन कर रहा
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि दीवाली के दिन फौजियों के बीच और फौज की वर्दी पहनकर अगर एक राजनीतिक बात की जाए कि विपक्ष दिमागी नक्सल है तो इससे खराब बात क्या हो सकती है। 6 साल पहले किसान आंदोलन में कभी खालिस्तान, कभी पाकिस्तान, कभी बाहर से पैसा आता है, यह कहते थे। ये घिसे-पिटे आरोप हैं। अगर विपक्ष को देशद्रोही कह रहे हैं तो अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौता कौन कर रहा है।
बोले- 26 नवंबर को बहादुरगढ़ में होगी बड़ी सभा
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करवाने व किसानों के अन्य मुद्दों को लेकर 26 नवंबर को जैसे पहले टिकरी बॉर्डर पर बैठे थे, उसी प्रकार बरसी के मौके पर बहादुरगढ़ के अंदर किसान मोर्चा हरियाणा एक प्रतिरोध सभा करेगा। सभा में मांग उठाई जाएगी कि आंदोलन में 750 किसान मारे गए थे, उनके लिए एक स्मारक वहां पर बनना चाहिए।
