• अखिलेश यादव का राम मंदिर जाना राजनीतिक ड्रामा

हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मंगलवार को अपनी करीब 90 साल पुरानी पारिवारिक संतमत परंपरा निभाने झज्जर पहुंचे। उनके आवास पर लगातार 3 दिन तक संत कबीर और संत गरीबदास की वाणी का पाठ किया जाएगा।

धार्मिक आयोजन के दौरान डॉ. शर्मा ने राजनीतिक मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम को उन्होंने राजनीतिक ड्रामा बताया। उनका कहना था कि भगवान राम आस्था और श्रद्धा का विषय हैं, इसे राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाना चाहिए।

वहीं, जेजेपी की प्रस्तावित रैली पर उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को रैली करने और जनता के बीच अपनी बात रखने का अधिकार है।

90 साल से परिवार निभा रहा संतमत की परंपरा

डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि उनके परिवार में संतमत की परंपरा करीब 90 वर्षों से चली आ रही है। परिवार सामाजिक सहयोग से इसे आगे बढ़ा रहा है। 3 दिवसीय आयोजन में संत कबीर और संत गरीबदास की वाणी का पाठ होगा।

उन्होंने कहा कि संतमत की सबसे बड़ी विशेषता सेवा भाव है। यदि हर व्यक्ति सेवा की भावना से काम करे तो समाज में फैली अनेक बुराइयों को खत्म किया जा सकता है।

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर साधा निशाना

राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए डॉ. शर्मा ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम को राजनीतिक ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि राम भक्तों के साथ इस परिवार ने पहले कैसा व्यवहार किया था।

उन्होंने कहा कि सच्चे भाव और श्रद्धा से राम मंदिर जाने वाले लोग इसका प्रचार नहीं करते। भगवान राम आस्था और श्रद्धा का विषय हैं, इसलिए इसे राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाना चाहिए।

जेजेपी की रैली पर बोले- हर पार्टी को प्रचार का अधिकार

जेजेपी की प्रस्तावित रैली को लेकर डॉ. शर्मा ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने तरीके से पार्टी का प्रचार करता है। रैली करना और जनता के बीच अपनी बात रखना प्रत्येक राजनीतिक दल का अधिकार है।