• अजराना बोले-चुनावी रंजिश में रिवॉल्वर लेकर आया आरोपी, पिहोवा से मिली थी टिकट

कुरुक्षेत्र जिले के अजराना खुर्द गांव में खेत में काम कर रहे भाजपा नेता पर गंडासी से हमला करने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। इस हमले वे बाल-बाल बच गए। भाजना नेता ने पंचायती चुनाव की रंजिश में हमले का आरोप लगाया। मामले की शिकायत झांसा पुलिस स्टेशन में दी गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

भाजपा नेता कंवलजीत सिंह अजराना ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि उनकी गांव के ही एक व्यक्ति के साथ पंचायती चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी। चुनाव के दौरान विपक्षी पार्टी हार गई थी। आरोप लगाया कि इसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

गंडासी से हमला करने की कोशिश का आरोप

कंवलजीत सिंह ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे। आरोप लगाया कि तभी आरोपी गंडासी और रिवाल्वर लेकर उनके खेत में पहुंचा। आरोपी ने आते ही उन पर गंडासी से हमला करने की कोशिश की। उन्होंने बचने के लिए शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

झांसा पुलिस को दी शिकायत

कंवलजीत सिंह अजराना ने मामले की शिकायत झांसा पुलिस को दी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पिहोवा विधानसभा से भाजपा ने दी थी टिकट

कंवलजीत सिंह अजराना हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के प्रवक्ता रह चुके हैं। साल 2024 में उनको पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन जनता के विरोध के चलते उनसे टिकट वापस ली गई और उनकी जगह पर जय भगवान डीडी शर्मा को टिकट दी गई।