• JJP नेता दिग्विजय चौटाला ने साधा भाजपा पर निशाना

भिवानी पहुंचे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने नशे और अपराध में हरियाणा नंबर वन होने पर भाजपा से सीएम बदलने की मांग उठा डाली। साथ ही एक बार फिर हुड्डा को ओपी चौटाला व अजय चौटाला की सजा करवाने के लिए षड्यंत्रकारी बताया।

जेजेपी इस बार अपना स्थापना दिवस पर 6 दिसंबर को महेन्द्रगढ़ में रैली कर रही है। इस रैली को कामयाब करने के लिए जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला भिवानी विधानसभा के गांवों में निमंत्रण देने पहुंचे।

भाजपा हरियाणा के लिए नया सीएम ढूंढे

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नशे और अपराध में हरियाणा देश में नंबर वन हो चुका है। उन्होंने कहा कि दिवाली जैसे पावन पर्व पर 5-5 मर्डर हो जाते हैं। बावजूद इसके हमारा CM, हमारा CM रहा ही नहीं। CM नायब सैनी हरियाणा की बजाय पंजाब के CM बन चुके हैं। इसीलिए भाजपा को अब हरियाणा के लिए नया CM ढूंढना चाहिए।

ओपी-अजय चौटाला की सजा के पीछे कांग्रेसियों का षड्यंत्र- दिग्विजय

दिग्विजय चौटाला ने एक बार फिर ओपी चौटाला व अजय चौटाला की सजा के पीछे कांग्रेसियों का षड्यंत्र बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी के आदेश पर रणदीप सुरजेवाला, कपिल सिब्बल व भूपेन्द्र हुड्डा ने षड्यंत्र रचा था।

दिग्विजय ने कहा कि ये जानते थे, अजय चौटाला भी बाहर रहे तो पार्टी संभल जाएगी। पर उनकी जेल के बाद जिन हाथों में पार्टी गई, उन्हीं के कारण आज ये हालात हो गए।

लोग भाजपा से दुखी और कांग्रेस पर भरोसा नहीं-चौटाला

भिवानी के भीम स्टेडियम के सुधार को लेकर CM नायब सैनी द्वारा दिए गए 50 करोड़ रुपए को दिग्विजय चौटाला ने ऊंट के मुंह में जीरा बताया और कहा कि भिवानी स्टेडियम के लिए कम से कम 500 करोड़ रुपए जारी होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स भी गुजरात की बजाय हरियाणा में होने चाहिए। वहीं भाजपा द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स के हिसाब से हरियाणा में इंफ्रा ना होने के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गुजरात में इंफ्रा अपने आप नहीं, सोच व नियत से बना है।

हरियाणा सरकार की सोच व नीति हो तो यहां भी इंफ्रा खड़ा हो सकता है। अंत मे क्षेत्रीय पार्टियों के वजूद के सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि रीजनल इज ओरिजनल, लोग भाजपा से दुखी और कांग्रेस पर भरोसा नहीं।